Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 14 April 2025 11:50 AM IST
आईपीएल 2025 धीमी ओवर रेट के लिए कप्तान अक्षर पटेल पर लगा 12 लाख रुपए का जुर्माना
आईपीएल 2025 के एक मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ धीमे ओवर रेट के कारण दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।यह मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में 12 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
- 14 April 2025 11:45 AM IST
मुर्शिदाबाद हिंसा पर बोले गिरिराज सिंह, 'वक्फ को लेकर ममता बनर्जी फैला रहीं भ्रम'
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह हिंसा सरकार की नाकामी का सबूत है और ममता बनर्जी हिंदुओं को पलायन के लिए मजबूर कर रही हैं। साथ ही, उन्होंने वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप विपक्षी नेताओं पर लगाया।
- 14 April 2025 11:36 AM IST
अंबेडकर जयंती थलापति विजय ने दी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि
तमिलनाडु में तमिल नववर्ष (चिथिराईकनी या पुथांडु) और बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा, फलों और सब्जियों से सजावट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। तमिलगा वेत्री कझगम के अध्यक्ष थलापति विजय ने भी चेन्नई में अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी।
- 14 April 2025 11:30 AM IST
ग्रेटर नोएडा दिन निकलते ही गोलियों से गूंजा सूरजपुर थाना, मुठभेड़ में दो शातिर अपराधी घायल, एक फरार
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर पुलिस ने रविवार को 130 मीटर रोड पर चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने आर्म्स एक्ट, चोरी व लूट, हत्या के प्रयास, संगठित अपराध से संबंधित मामले में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इनका एक साथी मौके से फरार हो गया।
- 14 April 2025 11:25 AM IST
भारत के कच्चे रेशम उत्पादन में हुआ इजाफा, निर्यात भी बढ़ा
भारत के कच्चे रेशम उत्पादन में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई है और बीते छह वर्षों में उत्पादन बढ़कर वित्त वर्ष 2023-24 में 38,913 मीट्रिक टन (एमटी) हो गया है, जो कि वित्त वर्ष 2017-18 में 31,906 एमटी था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस वृद्धि की वजह शहतूत के बागानों का विस्तार होना है, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 2,63,352 हेक्टेयर तक हो गया है। वित्त वर्ष 2017-18 में यह आंकड़ा 2,23,926 हेक्टेयर था। इससे शहतूत रेशम का उत्पादन 2017-18 में 22,066 मीट्रिक टन से बढ़कर 2023-24 में 29,892 मीट्रिक टन हो गया है।
- 14 April 2025 11:23 AM IST
तमिलनाडु अंबेडकर जयंती पर सीएम स्टालिन ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बताया 'ज्ञान का सूर्य'
देशभर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। तमिलनाडु में इस अवसर को "समथुवा नाल" यानी "समानता दिवस" के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने चेन्नई के राजा अन्नामलाई पुरम स्थित अंबेडकर मणि मंडपम पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ डॉ. अंबेडकर के पोते और वंचित बहुजन अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर भी उपस्थित रहे।
- 14 April 2025 11:16 AM IST
सलमान खान को फिर मिली धमकी, गाड़ी को बम से उड़ाने, घर में घुसकर जान से मारने की बात कही
अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर से जान से मारने की धमकी मिली है। वर्ली में परिवहन विभाग के नंबर पर धमकी भेजी गई है, जिसमें अभिनेता को जान से मारने के साथ ही उनकी कार को भी बम से उड़ाने की बात अज्ञात शख्स ने कही है। अभिनेता सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। वर्ली में परिवहन विभाग के नंबर पर धमकी भेजी गई है, जिसमें अज्ञात शख्स ने अभिनेता को जान से मारने के साथ ही उनकी कार को भी बम से उड़ाने की बात कही है।
- 14 April 2025 11:05 AM IST
हिसार -अयोध्या फ्लाइट को दिखाई हरी झंडी, बोले- अब श्रीकृष्ण की पावन भूमि, श्रीराम जी की भूमि से सीधी जुड़ी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिसार को पहले एयरपोर्ट की सौगात दी। उन्होंने एयरपोर्ट से हिसार-अयोध्या फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई और बटन दबाकर नए टर्मिनल का शिलान्यास भी किया। हरियाणावासियों को इस शुभ दिन की बधाई देते हुए उन्होंने कहा, "यह शुरुआत हरियाणा के विकास को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएगी।"
- 14 April 2025 11:00 AM IST
ओडिशा सीएम मोहन चरण माझी ने लोगों को उड़िया नववर्ष की शुभकामनाएं दीं
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राज्यवासियों को उड़िया नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उड़िया अस्मिता को बढ़ावा देने और राज्य के विकास के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर में मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं ओडिशा के लोगों को उड़िया नववर्ष के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। हमारी सरकार ओडिशा के लोगों के लिए उड़िया अस्मिता को सबसे आगे रखते हुए काम कर रही है। हम राज्य के विकास के लिए लगातार काम करेंगे।"
- 14 April 2025 10:50 AM IST
न्यूयॉर्क विमान हादसे में पंजाब मूल की सर्जन, पति और दो बच्चों सहित छह की मौत
अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य में एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में पंजाब मूल की एक सर्जन, उनके पति और दो बच्चों सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार को, कोलंबिया काउंटी एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले हुआ। सर्जन की पहचान डॉ. जॉय सैनी के रूप में हुई है, जो एक यूरोगाइनोकॉलेजिस्ट और महिला पेल्विक रिकंस्ट्रक्टिव सर्जन थीं। उनके साथ पति माइकल ग्रॉफ, बेटी करेना ग्रॉफ, बेटे जैरेड ग्रॉफ और उनके-उनके साथी जेम्स सैंटोरो व अलेक्सिया कुइयुतास डुआर्ते भी विमान में सवार थे। विमान के पायलट सर्जन के पति थे।
Created On :   14 April 2025 8:00 AM IST