Breaking News: आज की बड़ी खबरें 7 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 7 जुलाई 2025 हिंदी न्यूज लाइव
7 July 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटी खास बातें। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 7 July 2025 12:00 PM IST

    कड़ी सुरक्षा में खुला कलकत्ता लॉ कॉलेज

    कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में हुई गैंगरेप की घटना ने पूरे बंगाल को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में कोलकाता पुलिस ने अब कॉलेज के सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं गैंगरेप की घटना के बाद से बंद साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज सोमवार को कड़ी सुरक्षा में खुला।

  • 7 July 2025 11:50 AM IST

    रायगढ़ के कोरलाई तट पर दिखी संदिग्ध नाव

    मुरुद तालुका के कोरलाई समुद्र में एक संदिग्ध नाव देखे जाने के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। संदेह है कि यह संदिग्ध नाव पाकिस्तानी है। 26/11 को मुंबई पर हमला करने वाले पाकिस्तानी आतंकवादी समुद्र के रास्ते नाव से आए थे। इसे देखते हुए सुरक्षा बल संदिग्ध नाव को लेकर सतर्क हो गए हैं।

  • 7 July 2025 11:40 AM IST

    पंजाब के होशियारपुर में भीषण सड़क हादसा

    पंजाब के होशियारपुर के अतंर्गत दसूहा में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां यात्रियों से भरी बस पलट गई। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि 24 से ज्यादा यात्री घायल हैं। जानकारी के अनुसार, यह बस दसूहा हाजीपुर रोड नजदीक सगरा अड्डा के पास अनियंत्रित होकर पलटी है।

  • 7 July 2025 11:30 AM IST

    दिल्ली-NCR में बारिश बपनी परेशानी का सबब

    दिल्ली-एनसीआर में सुबह से बारिश हो रही है। एक ओर जहां झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं तेज बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार, विकास मार्ग क्षेत्र में भी तेज बारिश हुई। बारिश से पांडव नगर के नजदीक अंडरपास में जलभराव हुआ है।

  • 7 July 2025 11:20 AM IST

    पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का निधन

    पूर्व कृषि मंत्री व पूर्व सांसद आनंद सिंह का रविवार देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। 

  • 7 July 2025 11:11 AM IST

    सस्ता हुआ सोना

    भारतीय सर्राफा बाजार में सप्ताह के पहले दिन सोना- चांदी (Gold- Silver) के दाम में गिरावट देखी गई है। आज (07 जुलाई 2025, सोमवार) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, और जयपुर जैसे शहरों में 22 कैरेट गोल्ड की कीमत 90,100 रुपए प्रति 10 ग्राम के पार बनी हुई है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत 98,200 रुपए प्रति 10 ग्राम से अधिक है।

  • 7 July 2025 11:00 AM IST

    चांदी की कीमत में गिरावट

    भारतीय सर्राफा बाजार में सप्ताह के पहले दिन सोना- चांदी (Gold- Silver) के दाम में गिरावट देखी गई है। बात करें चांदी की कीमत की तो आज (07 जुलाई 2025, सोमवार) इसमें बीते शुक्रवार के मुकाबले करीब 1000 रुपए प्रति किलोग्राम तक की गिरावट देखने को मिली है। जिसके बाद अधिकांश शहरों में चांदी का भाव 1,09,000 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है।

  • 7 July 2025 10:50 AM IST

    कई शहरों में बदल गई ईंधन की कीमत

    आज गुड़गांव में पेट्रोल 06 पैसे बढ़कर 95.56 रुपए और डीजल 06 पैसे महंगा होकर 88.02 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं भुवनेश्वर में पेट्रोल 08 पैसे बढ़कर 101.11 रुपए और डीजल 09 पैसे महंगा होकर 92.69 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, पटना में पेट्रोल 88 पैसे कम होकर 105.23 रुपए और डीजल 83 पैसे घटकर 91.49 रुपए प्रति लीटर हो गया है। इसी प्रकार तिरुवनंतपुरम में भी पेट्रोल 15 पैसे कम होकर 107.33 रुपए और डीजल 27 पैसे घटकर 96.21 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

  • 7 July 2025 10:40 AM IST

    कच्चे तेल की कीमत मामूली गिरी

    अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार- चढ़ाव जारी है। लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, आज (07 जुलाई 2025) सुबह ब्रेंट क्रूड ऑयल 67.98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता नजर आया। जबकि, इससे पहले इसकी कीमतों में मामूली बढ़त देखी गई थी और यह 68.51 डॉलर प्रति बैरल पर था।

  • 7 July 2025 10:30 AM IST

    भारतीय रुपया में गिरावट

    भारतीय रुपया में सोमवार बीते बंद के मुकाबले 19 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 85.58 प्रति डॉलर पर खुला। जबकि, बीते सत्र में शुक्रवार को भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.39 पर बंद हुआ था।

Created On :   7 July 2025 8:01 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story