Breaking News: आज की बड़ी खबरें 07 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 07 सितंबर 2025 हिंदी न्यूज लाइव
07 सितंबर 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें।

Live Updates

  • 7 Sept 2025 12:23 PM IST

    चंद्र ग्रहण के दौरान न करें ऐसी गलतियां, ज्योतिषाचार्य पंडित योगेश नारायण मिश्रा ने दी चेतावनी

    साल का आखिरी चंद्र ग्रहण रविवार रात लग रहा है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार यह चंद्र ग्रहण बेहद खास है। यह भारत सहित अंटार्कटिका और ऑस्ट्रेलिया में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। ज्योतिषाचार्य पंडित योगेश नारायण मिश्रा ने इस चंद्र ग्रहण के ज्योतिषीय महत्व और सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। पंडित मिश्रा का मानना है कि यह खगोलीय घटना केवल विज्ञान की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और धार्मिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। आईएएनएस से बात करते हुए पंडित योगेश नारायण मिश्रा ने बताया कि भारत के मानक समय के अनुसार चंद्रग्रहण रविवार रात 9 बजकर 57 मिनट पर शुरू होगा। ग्रहण का मध्य समय रात 11 बजकर 41 मिनट पर होगा, जबकि इसका समापन रात 1 बजकर 27 मिनट पर होगा। कुल मिलाकर यह ग्रहण लगभग 3 घंटे 30 मिनट तक चलेगा, जो इसे अब तक का सबसे लंबा चंद्रग्रहण बनाता है।

  • 7 Sept 2025 12:00 PM IST

    झारखंड में इस वर्ष 24 नक्सली ढेर, मार्च 2026 तक राज्य को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य

    झारखंड को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त करने के लक्ष्य के साथ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक कुल 24 नक्सलियों को मार गिराया है। ताजा कार्रवाई रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर हुई, जहां पुलिस और सुरक्षा बलों ने दस लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया। बोकारो जिले के ढोडी गांव का रहने वाला अमित 60 से अधिक नक्सली वारदातों में वांटेड था। पुलिस ने इस साल मार्च में उसके घर पर इश्तेहार चस्पा कर सरेंडर की चेतावनी दी थी। लेकिन, उसने हथियार डालने के बजाय संगठन की गतिविधियों को और तेज कर दिया था। वह कम से कम बीस बार मुठभेड़ों से बच निकला था।

  • 7 Sept 2025 11:52 AM IST

    फीफा वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2026 पुर्तगाल की जीत में चमके रोनाल्डो, इन देशों ने अपने नाम किए मुकाबले

    पुर्तगाल ने फीफा विश्व कप 2026 के लिए यूईएफए क्वालीफाइंग के अपने शुरुआती मुकाबले में आर्मेनिया को 5-0 से रौंदा। पुर्तगाल की जीत में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने दो गोल दागे। रोनाल्डो के अलावा, जोआओ फेलिक्स ने भी दो गोल किए, जबकि जोआओ कैंसिलो ने एक गोल दागा। रॉबर्टो मार्टिनेज की टीम ने ग्रुप-एफ में शुरुआत से ही अपना इरादा जाहिर कर दिया था। 40 वर्षीय रोनाल्डो ने अपने अंतरराष्ट्रीय गोल की संख्या 140 तक पहुंचा दी है। वह कार्लोस रुइज के वर्ल्ड कप क्वॉलिफाइंग में सर्वाधिक 39 गोलों के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कदम दूर रह गए हैं। दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला डबलिन में खेला गया, जहां रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड ने हंगरी के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए मैच 2-2 से ड्रॉ किया। हंगरी को बर्नाबास वार्गा और रोलैंड सलाई के शुरुआती गोलों ने शानदार बढ़त दिलाई थी, लेकिन ब्रेक के तुरंत बाद इवान फर्ग्यूसन ने इस अंतर को कम कर दिया।

  • 7 Sept 2025 11:42 AM IST

    मेरठ रेजिडेंसी कॉलोनी पर धार्मिक भेदभाव का आरोप, मंत्री सोमेंद्र तोमर ने जताई आपत्ति, जांच की मांग

    पश्चिम उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में हापुड़ रोड स्थित अब्दुल्लाह रेजिडेंसी कॉलोनी पर धार्मिक भेदभाव के आरोप के बाद एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इस कॉलोनी में ज्यादातर प्लॉट मुसलमानों को ही बेचे गए हैं, जबकि हिंदू समुदाय के लोगों को प्लॉट खरीदने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि, कॉलोनी में इस तरह का कोई लिखित नोटिस, बोर्ड या पोस्टर नहीं लगाया गया है, लेकिन जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर उठे सवालों ने माहौल गर्म कर दिया है। इस पूरे मामले ने राजनीतिक रंग तब लिया जब उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने इस पर गंभीर आपत्ति जताई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की। मेरठ के कमिश्नर को पत्र लिखकर उन्होंने कॉलोनी के मानचित्र और स्थलीय निर्माण की विस्तृत जांच कराने की अपील की है। उनका आरोप है कि कॉलोनी में बिना नक्शा पास कराए मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है और इसकी जांच बेहद जरूरी है।

  • 7 Sept 2025 11:32 AM IST

    पीएम मोदी ने भारत को विश्व पटल पर दिलाया गौरव राम कदम

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'ग्रेट लीडर' कहे जाने पर भाजपा विधायक राम कदम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। भाजपा विधायक राम कदम ने रविवार को न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को 'ग्रेट' लीडर कहा है, जो सच्चाई है और इसे कोई नकार नहीं सकता है। पिछले 11 वर्षों में जब भी पीएम मोदी विदेश यात्रा पर जाते हैं, तो उन्हें जो सम्मान मिलता है, उससे हर भारतीय को गर्व की अनुभूति होती है। पहले के प्रधानमंत्रियों की यात्राओं और उनकी यात्राओं में बड़ा अंतर है। आज विदेशों में भारतीयों के साथ इमीग्रेशन अधिकारी भी सम्मानजनक व्यवहार करते हैं। पीएम मोदी ने भारत को विश्व पटल पर गौरव दिलाया है। भारत पहले भी विश्व गुरु था और अब फिर उस दिशा में बढ़ रहा है।"

  • 7 Sept 2025 11:22 AM IST

    'मिडिल क्लास फैमिली की प्यारी बातें'... अनुपम खेर ने मां और भाई के साथ पोस्ट किया दिल छूने वाला वीडियो

    बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी मां दुलारी खेर के साथ मजेदार और दिल छू लेने वाले वीडियो पोस्ट करते रहते हैं, जो उनके चाहने वालों को खूब पसंद आते हैं। अनुपम खेर ने रविवार को एक नया वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया, जिसमें वे अपनी मां और बड़े भाई राजू खेर के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो मनोरंजन से भरपूर है। इस वीडियो की शुरुआत अनुपम खेर की मां दुलारी से होती है, जिनसे अभिनेता बड़े ही प्यार से पूछते हैं, "क्या सोच रही हो माता?" इसके बाद मां-बेटे के बीच हल्की-फुल्की और मजेदार बातचीत शुरू हो जाती है, जिसमें घरेलू बातों की मिठास झलकती है। वीडियो में अनुपम के बड़े भाई राजू खेर भी नजर आते हैं, जो सोफे पर बैठे हुए मुस्कुरा रहे हैं।

  • 7 Sept 2025 11:16 AM IST

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी प्रतिक्रिया

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "भारी बारिश के कारण कई जगह बाढ़ आ गई है, पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा में बाढ़ से भारी क्षति हुई है। पड़ोसी राज्य की मदद करना हमारी ज़िम्मेदारी है। मध्य प्रदेश सरकार की ओर से हमने CM फंड में 5 करोड़ रुपये और कुछ राहत सामग्री भेजी है। उन्हें जो भी ज़रूरत होगी, मध्य प्रदेश हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।"

  • 7 Sept 2025 10:57 AM IST

    केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले की प्रक्रिया को लेकर दी प्रतिक्रिया

    केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा, "उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले पूरी प्रक्रिया जानने के लिए एक मॉक ड्रिल होनी चाहिए। कई लोग जो पहली बार सांसद बने हैं, उन्हें नहीं पता होता कि चुनाव बैलेट से होगा या मशीन से और अन्य चीजें। इसलिए ये पता होना चाहिए, इससे वोट रद्द होने की संभावना कम हो जाती है।"

  • 7 Sept 2025 10:43 AM IST

    भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने जीएसटी सुधार को लेकर दी प्रतिक्रिया

    भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "प्रधानमंत्री ने GST सुधार के ज़रिए दवाओं और ज़रूरी वस्तुओं में राहत दी है। GST के स्लैब कम किए गए हैं। इससे निश्चित रूप से लोगों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और देश की अर्थव्यवस्था आगे बढ़ेगी। मैं मौजूदा अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों के समाधान के तौर पर इस कदम का स्वागत करता हूं। आज चाहे कितना भी दबाव क्यों न हो, भारत अपनी अर्थव्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। अब विपक्ष कल तक इसे गब्बर सिंह टैक्स कहता था और आज कहता है कि ये हमारे दबाव में किया गया है।"

  • 7 Sept 2025 10:24 AM IST

    कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने एसआईआर और वोट चोरी को लेकर दी प्रतिक्रिया

    कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा, "बिहार में SIR लागू हुआ, वोटों की चोरी की गई। जिंदा लोगों को मरा हुआ घोषित किया गया और मरे हुए लोगों को जिंदा बता दिया गया। यदि यही प्रयास राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा तो अभी तो आंदोलन बिहारव्यापी है, जिसे जनता का अपार समर्थन मिला है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक कांग्रेस और INDIA गठबंधन इसका(SIR) विरोध करेगा। जिसे भी लोकतंत्र में जरा भी विश्वास होगा, वह इसका विरोध करेगा।"

Created On :   7 Sept 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story