बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप राउंड ऑफ 16 मुकाबले में हारी ध्रुव-तनीषा की जोड़ी, टूर्नामेंट में सफर समाप्त

बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप राउंड ऑफ 16 मुकाबले में हारी ध्रुव-तनीषा की जोड़ी, टूर्नामेंट में सफर समाप्त
बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो का सफर गुरुवार को राउंड ऑफ 16 में खत्म हो गया। 15वीं वरीयता प्राप्त मिक्स्ड डबल्स जोड़ी को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चीन के चेन फांग और गुओ शिनवा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत के ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो का सफर गुरुवार को राउंड ऑफ 16 में खत्म हो गया। 15वीं वरीयता प्राप्त मिक्स्ड डबल्स जोड़ी को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में चीन के चेन फांग और गुओ शिनवा के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

पहले राउंड में आसान जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली ध्रुव और तनीषा की जोड़ी चीन के खिलाफ अपने प्रदर्शन को दोहराना में नाकाम रही। चेन और गुओ ने मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा और सीधे गेम में 21-11, 21-11 से जीत हासिल की।

यह हार उस दिन के ठीक एक दिन बाद मिली जब इस जोड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार शुरुआत की थी। पहले राउंड में 'बाय' मिलने के बाद, भारतीय जोड़ी का सामना मकाऊ के लियोन्ग इओक चोंग और एनजी वेंग ची से हुआ था और उन्होंने आसान जीत के साथ अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की की थी।

ध्रुव और तनीषा के बाहर होने के साथ ही मिक्स्ड डबल्स में भारत की चुनौती भी समाप्त हो गई है। इस इवेंट में ध्रुव-तनीषा की जोड़ी भारत की आखिरी उम्मीद बनी हुई थी। इससे पहले रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे को कनाडा के जोनाथन बिंग त्सान लाई और क्रिस्टल लाई से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 22-20 से जीता था, लेकिन अपनी बढ़त बनाए नहीं रख सके और आखिरकार कड़े मुकाबले में उन्हें 19-21, 17-21 से हार का मुंह देखना पड़ा।

अशित सूर्या और अमृता प्रमुतेश भी तुर्की के एमरे सोनमेज और यासेमेन बेक्तास से कड़ी टक्कर मिलने के बाद बाहर हो गए थे। तुर्की की जोड़ी ने 21-16, 29-30, 24-22 से जीत हासिल की थी। इस मैच में दो गेम ऐसे थे जिनका फैसला सामान्य स्कोर से कहीं ज्यादा अंकों पर हुआ। ध्रुव और तनीषा की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी के राउंड ऑफ 16 में पहुंचने के बाद उनसे काफी उम्मीदें लगाई जा रही थीं, लेकिन वह चेन और गुओ की जोड़ी के आगे टिक नहीं सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Aug 2026 5:20 PM IST

Tags

Next Story