अपराध: महाराष्ट्र मंत्री बावनकुले बोले, 'दूसरे राज्यों के लोगों संग बदसलूकी ठीक नहीं'

महाराष्ट्र मंत्री बावनकुले बोले, दूसरे राज्यों के लोगों संग बदसलूकी ठीक नहीं
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रदेश में अन्य राज्यों से आए लोगों संग हो रही बदसलूकी को गलत बताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा ये भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुंबई, 7 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रदेश में अन्य राज्यों से आए लोगों संग हो रही बदसलूकी को गलत बताया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा ये भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बावनकुले ने कहा, "महाराष्ट्र में जन्मे और वर्षों से रह रहे लोगों के साथ मारपीट और भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि महाराष्ट्र सभी लोगों का है। अगर हम ऐसा करेंगे, तो हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि हमारे राज्य के लोग भी अन्य राज्यों में रहते हैं। उनके साथ भी इस तरह का दुर्व्यवहार हो सकता है।"

उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात कही और माना कि ऐसी घटनाओं से देश में अराजकता फैलती है। मंत्री ने कहा, "महाराष्ट्र में रहने वाले लोग, जिनका जन्म यहीं हुआ और जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज हैं, उनके साथ हिंसा या पाकिस्तान जैसा व्यवहार करना गलत है। मराठी लोगों का सम्मान और संरक्षण जरूरी है, लेकिन बाहर से आए लोगों पर हमला करना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसी मानसिकता को नहीं रोका गया, तो यह देश में अराजकता को बढ़ावा देगी।"

बावनकुले ने कहा, “हमारे लोग गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार में रहते हैं। अगर वहां भी उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ, तो यह ठीक नहीं होगा। बाहर से आए लोगों को सम्मान के साथ रहने का हक है, लेकिन अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे ऐसी घटनाओं की सूचना पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

बता दें, हाल ही में महाराष्ट्र के भायंदर में एक राजस्थानी मूल के नागरिक के साथ मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि क्योंकि वो मराठी भाषा बोलना नहीं जानता था, इसलिए उसे मारा पीटा गया। 30 जून को भी ठाणे में ऐसा ही एक केस हुआ था। मराठी में बात न करने पर एक दुकानदार से मारपीट के केस में एमएनएस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 July 2025 2:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story