चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स अर्जुन एरिगैसी के साथ आखिरी राउंड ड्रॉ, फिरोजा ने जीता खिताब
चेन्नई, 22 जुलाई (आईएएनएस)। चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स के चौथे एडिशन के सातवें और आखिरी राउंड में बुधवार को भारत के अर्जुन एरिगैसी के साथ मैच ड्रॉ कराने के बाद फ्रांस के ग्रैंडमास्टर अलीरेजा फिरोजा चैंपियन बने। फिरोजा को वेस्टिन चेन्नई वेलाचेरी होटल में खिताब जीतने के लिए सिर्फ एक ड्रॉ की जरूरत थी। 41 चालों के बाद मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ और फिरोजा ने सात राउंड में 4.5 प्वाइंट्स हासिल किए। 22 वर्षीय खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं गंवाया। इस दौरान दो जीत हासिल कीं और पांच मैच ड्रॉ खेले।
अंतिम दौर में प्रवेश करते समय अलीरेजा फिरोजा के पास भारत के अर्जुन एरिगैसी और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव पर आधे अंक की बढ़त थी। खिताबी दौड़ निर्णायक रूप से फिरोजा के पक्ष में तब झुक गई, जब अब्दुसत्तोरोव, जिन्हें खिताब की उम्मीद बनाए रखने के लिए काले मोहरों से हर हाल में जीत दर्ज करनी थी, रूस के दिमित्री आंद्रेकिन के खिलाफ 37 चालों में हार गए।
अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी के दौड़ से बाहर होने के बाद, फिरोजा को एरिगैसी के खिलाफ सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी। उन्होंने सुरक्षित रूप से खेल को 'रूक-एंड-पॉन' एंडगेम तक पहुंचाया और फिर प्वाइंट बांटकर खिताब अपने नाम कर लिया।
8 खिलाड़ियों वाले इस खास राउंड-रॉबिन टूर्नामेंट में 75 लाख रुपये की इनामी राशि और अहम फिडे सर्किट प्वाइंट दांव पर थे। इस जीत के साथ फिरोजा ने 25 लाख रुपये की इनामी राशि अपने नाम की।
आंद्रेकिन ने इस टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। वह एरिगैसी के साथ चार प्वाइंट पर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। अब्दुसत्तोरोव ने भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन और एम. प्रणेश के साथ चौथा स्थान साझा किया; तीनों ने 3.5 प्वाइंट्स हासिल किए।
हालांकि, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन डी. गुकेश के लिए यह टूर्नामेंट भी निराशाजनक रहा। सात में से तीन गेम हारने के बाद वे दो प्वाइंट के साथ स्टैंडिंग में सबसे नीचे रहे। उन्होंने आखिरी राउंड में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हंस नीमन के साथ ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट का समापन किया। सातवें राउंड के शेष मुकाबलों में निहाल सरीन और एम. प्राणेश का मैच ड्रॉ रहा, जबकि अब्दुसत्तोरोव पर आंद्रेइकिन की जीत ने फाइनल रैंकिंग तय करने में अहम भूमिका निभाई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 8:42 PM IST












