बिहार सरकार की पहली प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराना है रामकृपाल यादव

बिहार सरकार की पहली प्राथमिकता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराना है  रामकृपाल यादव
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को दानापुर स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी-2026 में शामिल हुए। यहां उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ क्लास रूम में बैठकर उनसे संवाद किया।

दानापुर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को दानापुर स्थित राजकीय मध्य विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी-2026 में शामिल हुए। यहां उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ क्लास रूम में बैठकर उनसे संवाद किया।

सीएम ने अगले वर्ष से सभी सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य करने की दिशा में संबंधित अधिकारियों को योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित चित्र प्रतियोगिता का भी अवलोकन किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और मंत्री रामकृपाल यादव उपस्थित रहे।

मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि दानापुर के राजकीय मध्य विद्यालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का संयुक्त दौरा हुआ। बच्चों के साथ संवाद हुआ और अभिभावकों के साथ बातचीत की गई। सीएम ने यह जानने का प्रयास किया कि बच्चों को पढ़ाई के दौरान किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें पढ़ाने के लिए कैसी व्यवस्था करनी है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। सीएम की पहली प्राथमिकता है कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि स्कूलों में पढ़ने वाले हमारे बच्चे हर तरह से सक्षम बनें और 90 प्रतिशत अंक प्राप्त करें। क्योंकि प्रतियोगिता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से इस तरह का दौरा करके यह जानकारी ले रहे हैं कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को कैसे बेहतर बनाया जा सकता है। जो भी कमी होगी, उसे दूर करने का काम किया जाएगा।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा चित्र प्रतियोगिता’ में बच्चों ने कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से खूबसूरती से उकेरा है। उनकी कृतियों में शिक्षा, प्रगति और समृद्ध भारत के साथ विकसित बिहार की सुंदर कल्पना भी दिखाई दी। जिसकी सबसे बढ़िया पेंटिंग होगी, उसे बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में पुरस्कार देने का काम करेंगे। बच्चों के साथ संवाद कर उनका फीडबैक लिया गया। जो भी सुझाव सामने आए हैं और यहां पर जो भी कमी दिखाई दी है, उसे एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का काम किया जाएगा।

पेटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहीं स्कूल की एक छात्रा, ज्योति कुमारी, ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि मुझे पेंटिंग करना बहुत पसंद है और मैं अपनी पेंटिंग को बहुत अच्छे से दूसरों को दिखाना चाहती हूं।

गायत्री कुमारी ने कहा कि मुझे इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर बहुत अच्छा लग रहा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Sept 2026 12:03 AM IST

Tags

Next Story