महाराष्ट्र पालघर में लगे भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 3.6 रही तीव्रता
पालघर, 26 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पालघर जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई।
भूकंप रात 10 बजकर 33 मिनट 46 सेकंड पर आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। एनसीएस के मुताबिक, भूकंप का केंद्र 20.047 अक्षांश और 72.974 देशांतर पर दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, भूकंप से किसी प्रकार के जानमाल को नुकसान होने की सूचना नहीं है। हालांकि, झटके महसूस होने के बाद स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल देखा गया।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित प्रभाव का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
इससे पहले, भूटान में 19 सितंबर को भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसका केंद्र ग्येलपोजिंग बताया जा रहा है। भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार शाम 4 बजकर 01 मिनट (भारतीय समयानुसार) पर धरती डोली और रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई थी।
इसकी गहराई जमीन से 5 किमी नीचे नापी गई थी। पूर्वोत्तर भारत में भी इसके झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने सोशल मीडिया पर लोगों को संयम बरतने की सलाह दी। बताया कि किसी नुकसान की खबर नहीं मिली।
नेपाल में 8 सितंबर को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। एनसीएस ने इसकी जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी थी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, "नेपाल में मंगलवार को भारतीय समयानुसार रात 9.38 बजे 5.0 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र अक्षांश 29.022, देशांतर 83.978 पर, 143 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का स्थान काठमांडू, नेपाल से 196 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में दर्ज किया गया है।"
भूकंप का केंद्र जमीन से 143 किलोमीटर की गहराई में होने के कारण इसके झटके दूर-दूर तक महसूस होने की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि गहराई अधिक होने से सतह पर नुकसान की संभावना कम हो जाती है। फिलहाल, नेपाल से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। नेपाल भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील जोन में आता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 12:03 AM IST












