दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास भीषण हादसा; एक की मौत, 3 की हालत गंभीर

दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास भीषण हादसा; एक की मौत, 3 की हालत गंभीर
दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार को एक ट्रक और कार की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य की हालत गंभीर है।

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार को एक ट्रक और कार की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य की हालत गंभीर है।

दरअसल, मंगलवार दोपहर 1 बजे थाना बदरपुर को बदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास सड़क दुर्घटना के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली। कॉल मिलने पर एसएचओ, एएसआई विजय सिंह और बीट स्टाफ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद उन्हें कार और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। हालांकि, घायलों को पहले ही एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। घटनास्थल पर क्राइम टीम को बुलाया गया, जिसने जगह का निरीक्षण किया और तस्वीरें लीं। दुर्घटना करने वाले ट्रक को तुरंत पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया।

घायल सुमित (25) को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, इमरान (25), एक अज्ञात पुरुष (30) और सोमेंद्र नाथ (35) का ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। हादसा करने वाला ट्रक हरियाणा के फरीदाबाद में 'श्री राधेकृष्ण ट्रांसपोर्ट सर्विस' के नाम से रजिस्टर्ड है।

दुर्घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर ट्रक को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया। ड्राइवर की पहचान करने और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं, बदरपुर पुलिस स्टेशन में जरूरी कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही मामले से संबंधित आगे की जांच चल रही है।

वहीं, गुरुग्राम में द्वारका एक्स्प्रेसवे पर 16 सितंबर की देर रात तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचल दिया था, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि दो युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुग्राम के पालम विहार में एक्सप्रेसवे पर ग्रिल लगा रहे चारों श्रमिकों को दिल्ली की तरफ से आ रही अनियंत्रित सफेद कार ने जोरदार टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को फोन लगाया और घायलों को एक्सप्रेसवे से किनारे हटाया। बाद में मौके पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा गया जबकि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Sept 2026 5:32 PM IST

Tags

Next Story