दिल्ली सरकार ने पेश किया ऐतिहासिक बजट, सीएम रेखा गुप्ता का आभार मनजिंदर सिंह सिरसा
नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए राजधानी के विकास के लिए कई बड़े ऐलान किए। इस बार सरकार ने 1 लाख 3 हजार 700 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तुत किया, जिसे पिछले साल के मुकाबले काफी बड़ा बताया गया है। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस ऐतिहासिक बजट के लिए दिल्ली सरकार का आभार जताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में मनजिंदर सिंह सिरसा ने लिखा, "दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा प्रस्तुत 'ग्रीन बजट 2026-27' विकसित और हरित दिल्ली की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मैं मुख्यमंत्री का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने दिल्ली के भविष्य को सुरक्षित और समृद्ध बनाने वाला यह विजनरी बजट पेश किया है।'
उन्होंने आगे बताया कि हमारी सरकार का यह दूसरा बजट 10 प्रमुख फोकस एरिया पर केंद्रित है। इंफ्रास्ट्रक्चर, जल और स्वच्छता, हेल्थ केयर, शिक्षा, सामाजिक अधिकारिता, परिवहन, सुशासन, उद्योग और स्टार्टअप, पर्यटन एवं संस्कृति और पर्यावरण के माध्यम से दिल्ली को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने के मजबूत संकल्प को दर्शाता है।
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कुल बजट का 21 फीसदी हिस्सा 'ग्रीन बजट' के लिए समर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है, वहीं महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ और नई ईवी पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए '4एस'- स्कोप, स्केल, स्पीड और स्किल- पर विशेष जोर देकर विकास को नई गति देने का मार्ग प्रशस्त किया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि सच्चे अर्थों में यह 'सबका साथ, सबका विकास' का बजट है, जिसका लाभ समाज के हर वर्ग और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। हम एक ऐसी दिल्ली की नींव रख रहे हैं, जो न केवल आधुनिक और प्रगतिशील होगी, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और खुशहाल भी होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 March 2026 4:24 PM IST












