झारखंड धनबाद में गैस कटर का सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा, दो की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
धनबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार की आधी रात गैस कटर का सिलेंडर फटने से हुए एक भीषण हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे जब क्षेत्र में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक गैस कटर के सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया।
धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के समय मौके पर करीब 8 से 10 लोग मौजूद थे। सिलेंडर फटते ही उसमें भरी गैस तेजी से पूरे वातावरण में फैल गई, जिससे वहां मौजूद लोगों को सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी और दम घुटने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। गैस के रिसाव और धमाके की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से प्रभावित हुए।
स्थानीय लोगों और सहकर्मियों की मदद से आनन-फानन में सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन दो लोगों को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान संजय यादव और मो. अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल मो. अब्राहिम और मो. इमामुद्दीन का अस्पताल में उपचार जारी है।
डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायलों की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है और मेडिकल टीम उनकी निरंतर निगरानी कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में गैस कटर के संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की बात सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि आखिर आधी रात को किस परिस्थिति में गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा था और सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 April 2026 12:45 PM IST











