इटावा प्रेम प्रसंग को लेकर महिला और युवक के साथ मारपीट, मुंह काला कर गांव में घुमाया
इटावा, 29 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के वैदपुरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक गंभीर और अमानवीय घटना सामने आई है। यहां एक महिला और युवक के साथ मारपीट की गई और उनका मुंह काला कर पूरे गांव में जुलूस निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कई लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, तीन बच्चों की मां 26 मार्च को अपनी मर्जी से मैनपुरी जिले के एक युवक के साथ चली गई थी। अगले दिन 27 मार्च की शाम को परिजन उसे ढूंढकर वापस घर ले आए। महिला का आरोप है कि घर लौटने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे प्रताड़ित किया गया।
महिला का आरोप है कि 27 मार्च की रात परिजनों ने उससे फोन कराकर युवक को गांव के पास बुलवाया। महिला के बुलावे पर युवक रात करीब 11 बजे गांव पहुंचा, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ जमकर मारपीट की गई और पूरी रात एक कमरे में बंद रखा गया। शनिवार सुबह करीब 5 बजे उसका मुंह काला कर दिया गया। युवक को भी लात-घूंसों और जूते-चप्पलों से पीटा गया। इसके बाद दोनों को गांव में जुलूस के रूप में घुमाया गया। इस दौरान कुछ लोग चप्पलों की माला पहनाने की तैयारी भी कर रहे थे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही वैदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जुलूस में शामिल कई लोगों को पकड़ लिया। पुलिस महिला और युवक को भी थाने ले आई। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह के मुताबिक, महिला के साथ मारपीट के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई है।
क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि महिला के पति, देवर समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 7:23 PM IST












