फारूक अब्दुल्ला पाकिस्तान को आतंकवाद बंद करने की चुनौती दें वीएचपी प्रवक्ता विनोद बंसल

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने फारूक अब्दुल्ला के पाकिस्तान संबंधी बयान, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की अयोध्या यात्रा को लेकर की गई टिप्पणी, इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध बढ़ाए जाने और सपा सांसद एसपी सिंह पटेल की दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फारूक अब्दुल्ला और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक नेताओं को धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ बयान देना चाहिए। वहीं, आईआरएफ पर प्रतिबंध बढ़ाने के केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन किया।
फारूक अब्दुल्ला के बयान पर विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि उनका पाकिस्तान के प्रति बार-बार समर्थन जताना उचित नहीं है। कश्मीर घाटी और आसपास के क्षेत्रों में हुई आतंकी घटनाओं के बाद पाकिस्तान को जवाब मिल सकता है। फारूक अब्दुल्ला भारत में रहते हुए पाकिस्तान के पक्ष में बयान देते हैं, जबकि उन्हें पाकिस्तान से आतंकवाद बंद करने की मांग करनी चाहिए। फारूक अब्दुल्ला को पाकिस्तान से स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि वह आतंकवाद को बढ़ावा देना और आतंकियों को भारत भेजना बंद करे।
बंसल ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद की गतिविधियां रोकनी चाहिए, अन्यथा भारत की ओर से भविष्य में दिया जाने वाला जवाब गंभीर हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश ने फारूक अब्दुल्ला को बहुत कुछ दिया है, इसलिए उनसे राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की जाती है।
अखिलेश यादव के इस बयान पर कि भगवान सबके हैं और वह अयोध्या क्यों नहीं जा सकते, विनोद बंसल ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के अयोध्या जाने को लेकर बार-बार तारीखें बदलने से भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। पहले 12 नवंबर को अयोध्या आने की बात कही गई, फिर 6 दिसंबर और उसके बाद 12 दिसंबर की तारीख सामने आई। अब यह कहा जा रहा है कि जब इच्छा होगी, तब अयोध्या जाएंगे। बंसल ने सवाल किया कि अखिलेश यादव को अयोध्या यात्रा के बारे में बार-बार बयान देने की जरूरत क्यों पड़ रही है। इस तरह की घोषणाएं प्रचार हासिल करने और राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से की जा रही हैं। किसी को अयोध्या जाना है तो जाए और नहीं जाना है तो न जाए, लेकिन भगवान राम और उनकी जन्मभूमि को लेकर बार-बार बयान बदलना उचित नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस, डीएमके और आरजेडी का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन दलों के नेताओं के पुराने बयानों से हिंदू आस्था को ठेस पहुंची है। बंसल ने रामसेतु और भगवान राम को लेकर दिए गए कथित बयानों का हवाला देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को धार्मिक मान्यताओं के प्रति संवेदनशील रहना चाहिए।
सपा सांसद एसपी सिंह पटेल की दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर की गई टिप्पणियों पर बंसल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेताओं के चेहरे बदलते रहते हैं, लेकिन हिंदू आस्था के प्रति उनका रवैया नहीं बदलता। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता, सांसद और विधायक बार-बार सनातन धर्म तथा हिंदू धार्मिक विश्वासों को लेकर आपत्तिजनक बयान देते हैं। बंसल ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की अपनी आस्था किसी धार्मिक आयोजन से जुड़ी नहीं है, तो उसे उसमें शामिल होने की जरूरत नहीं है, लेकिन दूसरों की आस्था पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी अन्य धर्म के धार्मिक आयोजनों को लेकर भी इस तरह की टिप्पणियां की जा सकती हैं। सभी धर्मों की मान्यताओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर प्रतिबंध बढ़ाए जाने के फैसले पर विनोद बंसल ने केंद्र सरकार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आतंकी गतिविधियों या आतंकवादी मानसिकता से जुड़े संगठनों को जारी रहने देना देश और समाज के हित में नहीं है। सरकार ने प्रतिबंध बढ़ाकर उचित कदम उठाया है। कुछ अन्य संगठनों की गतिविधियों पर भी ध्यान देने और जरूरत पड़ने पर उन्हें ऐसी सूची में शामिल करने की आवश्यकता हो सकती है। बंसल ने आगे कहा कि सरकार अपनी ओर से काम कर रही होगी, लेकिन समाज की जिम्मेदारी है कि वह संदिग्ध गतिविधियों और ऐसे संगठनों से जुड़ी जानकारी प्रशासन तक पहुंचाता रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
