नजमा खान बेंच पर बिताए 6 साल तक, लंबे संघर्ष के बाद दिल्ली की टीम में बनाई पहचान

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली की आयु-वर्ग टीमों में छह साल तक बेंच पर बैठकर बिताने वालीं नजमा खान का क्रिकेट करियर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। खेलने के मौके की तलाश में वह दो अन्य राज्यों की टीमों से भी जुड़ीं और आखिरकार उन्होंने दिल्ली की टीम में अपनी पहचान बनाई।
30 साल की उम्र में भी, वह विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में चुने जाने का इंतजार कर रही थीं, जबकि पिछले दो ऑक्शन में उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा था। 28 अक्टूबर को जब कोच्चि में डब्ल्यूपीएल 2027 का मिनी-ऑक्शन चल रहा था, तब नजमा सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी के लीग स्टेज के लिए दिल्ली की टीम के साथ थीं। जब उनका नाम आया, तो किसी भी पांच फ्रेंचाइजी ने उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई, हालांकि उन्हें गुजरात जायंट्स (जीजी) की ओर से 'नेट बॉलिंग' के लिए बुलावा जरूर मिला।
नजमा ने आईएएनएस के साथ एक वर्चुअल बातचीत के दौरान बताया, "असल में मैंने शुरुआत का कुछ हिस्सा देखा था। उसके बाद हमारी टीम मीटिंग थी, इसलिए मैं आगे नहीं देख पाई। मैंने तब देखा जब पहली बार स्क्रीन पर मेरा नाम आया। फिर किसी ने भी बोली लगाने के लिए पैडल नहीं उठाया, जिससे मुझे थोड़ी निराशा हुई। इसलिए मैं अपने कमरे में वापस चली गई। उसके बाद मैंने ऑक्शन नहीं देखा। मैं निराश थी।"
"मैंने अपने एक सर से बात की। मैंने उनसे कहा, 'सर, मुझे बहुत निराशा हो रही है तब सर ने मुझे हौसला दिया। उन्होंने कहा, 'कोई नहीं नजमा। यह जिंदगी और सफर का हिस्सा है। उतार-चढ़ाव तो आते ही रहेंगे। तुम्हें बस आगे बढ़ते रहना है। मैंने कहा, 'जी सर' फिर अचानक, मुझे जीजी की तरफ से नेट बॉलिंग के लिए एक मैसेज आया। निराशा के बीच मुझे थोड़ी हैरानी भी हुई। मैंने अपने सर को बताया कि मुझे नेट बॉलिंग के लिए मैसेज आया है। सर ने कहा, 'हां, कर लो (उन्हें हां कह दो)।' मैंने उन्हें जवाब दिया था कि मैं नेट बॉलिंग के लिए उपलब्ध हूं।"
...लेकिन ऑक्शन के तेज राउंड में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल कर लिया और नजमा खुशी से झूम उठीं। उन्होंने कहा, "तभी अचानक, मेरे कमरे में घंटी बजने लगी। दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक होने लगी। जब मैं वहां गई तो मेरी साथियों ने बताया कि मेरा नाम आ गया है। कुछ पल के लिए तो मुझे यकीन ही नहीं हुआ कि मेरा नाम आ गया है। मैं हैरान रह गई। यह एक ऐसा अहसास था कि उस समय मैं कह सकती हूं कि मैं जैसे सुन्न हो गई थी। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इस खुशी को कैसे जाहिर करूं। फिर मैं रोने लगी। मैं बहुत खुश थी। मैंने अपने सर से कहा कि आखिरकार, मेरा नाम आ ही गया।"
भारतीय बल्लेबाज और दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने अपनी नई साथी खिलाड़ी का स्वागत करने के लिए अपना इंस्टाग्राम खोला, तो उन्हें नजमा का भेजा हुआ एक पुराना मैसेज मिला, जो लगभग एक साल पहले भेजा गया था। मैसेज में लिखा था, "मुझे पता है कि आप शायद यह मैसेज देखेंगी भी नहीं, लेकिन एक दिन मैं आपके साथ एक ही प्लेटफॉर्म पर होऊंगी, आपके साथ बल्लेबाजी करूंगी, अपनी टीम को जिताऊंगी और फिर आपको अपना इंस्टाग्राम खोलकर यह मैसेज दिखाऊंगी।"
जेमिमा ने अपनी स्टोरी पर इसका स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा: "अभी नजमा को मैसेज करने के लिए इंस्टाग्राम खोला तो एक साल पहले भेजा गया उनका एक मैसेज मिल गया। एक साल बाद यह सपना सच हो गया है। हमारी टीम में आपका स्वागत है।" दिल्ली कैपिटल्स ने इसे री-शेयर करते हुए कैप्शन दिया, "याद रखें कि सपने सच होते हैं। कोशिश करते रहें। कभी भरोसा न छोड़ें। अंत में सब कुछ ठीक हो ही जाता है।"
नजमा ने यह मैसेज तब भेजा था, जब उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में जेमिमा को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 127 रन बनाते और भारत को 339 रनों का लक्ष्य हासिल करने में मदद करते देखा था। उन्होंने बताया, "वह मैच मेरे लिए बहुत प्रेरणादायक था। असल में मैंने वहां बैठकर पूरा मैच देखा था। जिस तरह से जेमी ने टीम को संभाला और दबाव की स्थिति में इतनी जिम्मेदारी भरी पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया अब तक की सबसे बेहतरीन टीम है। मुझे तब सबसे ज्यादा जुड़ाव महसूस हुआ, जब जेमिमा लीग के सभी मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं। उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे और उनका आत्मविश्वास भी थोड़ा डगमगा गया था, लेकिन जब मैंने वह मैच देखा तो मुझे लगा कि मुझे भी अपनी टीम के लिए बिल्कुल वैसा ही करना चाहिए (जैसा जेमिमा ने किया)। मैं मिडिल और लोअर ऑर्डर में बल्लेबाजी करती हूं। मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी को ऐसा होना चाहिए जो मैच को अपनी टीम के पक्ष में मोड़ दे और खेल को अच्छे से फिनिश करे। इसलिए मुझे लगा कि मुझे भी कुछ ऐसा ही करना चाहिए, क्योंकि उस समय मैं अपने रोल से खुद को जोड़ पा रही थी। जब भारत ने वह मैच जीता तो मैंने तुरंत सोशल मीडिया पर एक स्टोरी पोस्ट की। मैं आमतौर पर सोशल मीडिया पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहती, लेकिन उस समय मैंने जेमी के बारे में एक स्टोरी पोस्ट की।"
"फिर मैंने मैसेज किया कि मैं भी इस मंच पर खेलना चाहती हूं। मैं भी इन खिलाड़ियों के बीच खेलना चाहती हूं। मैं अपनी टीम के लिए मैच जिताना चाहती हूं और मुझे पता है कि मैं इसी मंच के लिए बनी हूं। इसलिए मैंने इस इरादे से मैसेज किया कि चाहे कुछ भी हो जाए, मैं भी इस मंच पर खेलूंगी। एक दिन मैं इन खिलाड़ियों के बीच खेलूंगी और 'फिनिशर' की भूमिका निभाते हुए अपनी टीम को मैच जिताऊंगी।"
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत हुई और पुणे में दिल्ली-मुंबई के मुकाबले के दौरान वे विरोधी खिलाड़ियों के तौर पर आमने-सामने भी आईं। भले ही इंतजार लंबा रहा, लेकिन उनकी सफलता शानदार रही। पिछले सीजन में जब दिल्ली ने 'सीनियर विमेंस वन डे ट्रॉफी' जीती, तो नजमा सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने 15.62 की औसत से 24 विकेट लिए। इसके अलावा 'इंटर जोनल टी20 ट्रॉफी' में भी उन्होंने नॉर्थ जोन की तरफ से 12 विकेट लेकर टॉप किया।
बल्लेबाजी की बात करें तो, पिछली सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी' में उन्होंने 120.5 के स्ट्राइक रेट से 106 रन बनाए। वहीं, 2024/25 के वनडे सीजन में उन्होंने 267 रन बनाए, जिसमें एक नाबाद 126 रनों की पारी भी शामिल थी। इस साल अगस्त में नजमा ने 12 विकेट लेकर 'पर्पल कैप' हासिल की और उनकी टीम 'नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स' ने विमेंस दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) का खिताब जीता।
नजमा को खेलों की प्रेरणा अपने पिता से मिली, जो कॉलेज के दिनों में कबड्डी और क्रिकेट खेलते थे। दिल्ली में पली-बढ़ीं नजमा साइकिल चलाती थीं, फुटबॉल खेलती थीं, बॉक्सर्स के साथ ट्रेनिंग करती थीं और अपने इलाके की इकलौती लड़की थीं जो लड़कों के साथ खेलती थीं।
नेशनल स्टेडियम में एक समर कैंप के बाद उन्होंने आरपीसीए एकेडमी में मीडियम-पेसर के तौर पर शुरुआत की और बाद में लेफ्ट-आर्म स्पिन गेंदबाजी करने लगीं। क्रिकेट स्कॉलरशिप की मदद से उन्होंने गार्गी कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन और मास्टर्स की डिग्री पूरी की। मैसूर में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) के खिलाफ ऑल-इंडिया यूनिवर्सिटी फाइनल में भी नजमा का प्रदर्शन शानदार रहा। जब पड़ोसियों ने पूछा कि क्या उन्हें इससे कुछ कमाई होती है, तो उनके माता-पिता ने बस इतना कहा कि वह खेलती है - उनकी बस एक ही शर्त थी कि वह कभी उनका भरोसा न तोड़े। वहां से आगे का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। अपने पिता के कहने पर सिर्फ एक बल्लेबाज के तौर पर नगालैंड जाने से उन्हें अंडर-23 और सीनियर टीम में डेब्यू करने का मौका मिला। वहां उन्होंने 121 रनों की पारी खेली, जो उस समय उस राज्य का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था, हालांकि गेस्ट प्लेयर के तौर पर रजिस्ट्रेशन को लेकर हुए एक विवाद की वजह से उन्हें एक पूरा सीजन गंवाना पड़ा।
उत्तराखंड के साथ एक साल बिताने के बाद नजमा दिल्ली वापस आ गईं, लेकिन एक दुर्घटना और चयन से जुड़ी कुछ वजहों से उन्हें टीम से बाहर रहना पड़ा, हालांकि डगआउट में बैठकर स्मृति मंधाना और जेमिमा को खेलते हुए देखने से उन्हें यह समझने में मदद मिली कि खेल कैसे आगे बढ़ता है। धीरे-धीरे नजमा ने अपनी मेहनत के दम पर प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह बना ली।
2024 में आयोजित पहली विमेंस डीपीएल नजमा के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। पहली बार टीवी पर प्रसारित होने वाले मैचों में खेलते हुए जहां डब्ल्यूपीएल के स्काउट्स भी खिलाड़ियों पर नजर रख रहे थे, नजमा ने हेड कोच का भरोसा जीता और दिल्ली की दोनों व्हाइट-बॉल टीमों में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली।
इस सफर में उन्हें कई कोचों का मार्गदर्शन मिला, जिनमें मयंक राघव सबसे अहम रहे। मयंक खुद एक पूर्व रणजी ट्रॉफी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 2018/19 सीजन में मणिपुर के लिए अपने डेब्यू मैच में 228 रन बनाए थे। इंस्टाग्राम पर उनके छक्के मारने वाले वीडियो देखकर नजमा ने उन्हें एक डायरेक्ट मैसेज भेजा।
"मेरी क्रिकेट यात्रा आरपीसीए एकेडमी से शुरू हुई। वहां सुरजीत सर और अजय सर थे, जिन्होंने शुरुआत से ही मुझे बहुत सपोर्ट किया। फिर जब मैंने अपने बोर्ड मैच खेलना शुरू किया तो मेरी मुलाकात दिशांत याग्निक सर से हुई। वे मेरी क्रिकेट यात्रा में एक मेंटर की तरह रहे। उन्होंने मेरी स्किल्स को बेहतर बनाने में बहुत मदद की, जिसका फायदा मुझे अपनी बल्लेबाजी में मिला।"
"पिछले 3 वर्षों से मैं उनके मार्गदर्शन में काम कर रही हूं। कई बार मैं उनसे एक ही सवाल बार-बार पूछकर उन्हें परेशान भी कर देती हूं, फिर भी उन्होंने हमेशा मुझे बहुत सपोर्ट किया है। इसके बाद जब डीपीएल में मेरा सफर शुरू हुआ तो एक दिन मैंने इंस्टाग्राम पर मयंक राघव सर का छक्के मारने वाला एक वीडियो देखा। डीपीएल के बाद मुझे एहसास हुआ कि 'नजमा, अब तुम्हें छक्के मारना भी सीखना होगा तो मैं दिल्ली में किसी ऐसे व्यक्ति के साथ काम करना चाहती थी जो मुझे सिखा सके। जब मैंने इंस्टाग्राम पर उनका छक्के मारने वाला वीडियो देखा, तो मैंने उन्हें मैसेज किया। यह मेरे पहले सीजन की बात है। मैंने उनसे कहा कि मैं भी उनसे छक्के मारना सीखना चाहती हूं और यह जानना चाहती हूं कि आप इतनी आसानी से ऐसा कैसे कर लेते हैं। जब मैंने उन्हें अपने कुछ वीडियो भेजे तो उन्होंने कहा कि मैं अच्छा कर रही हूं। उन्होंने मुझे मिलने का समय दिया, हम मिले और फिर हमने अपने सेशन शुरू किए।"
राघव, जो डब्ल्यूपीएल में उनके चुने जाने के बाद इंस्टाग्राम पर काफी भावुक हो गए थे, नजमा के लिए एक बड़ा आशीर्वाद साबित हुए हैं। उन्होंने कहा, "सबसे अहम बात यह है कि मयंक सर मुझे बहुत समय देते हैं। वह मुझ पर बहुत मेहनत करते हैं। मानसिक रूप से वह मुझे हर दिन चीजों को देखने का एक नया नजरिया देते हैं। जैसे कि कोई खेल कैसे खेला जाता है। मैंने उनसे सीखा है कि असल में क्रिकेट क्या है।"
"मैंने अपनी जिंदगी में कभी इतना जुनूनी इंसान नहीं देखा, जो क्रिकेट को इस तरह से महसूस करता हो। जब मैं उन्हें सुनती हूं, उनसे आमने-सामने मिलती हूं और उनसे सीखती हूं कि वह कितनी आसानी से बल्लेबाजी करते हैं तो मैं यह सब देख पाती हूं। पिछले 2-3 वर्षों से वह मेरे साथ काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि अगर वह मेरे मेंटॉर न होते, तो पता नहीं मैं यहां तक पहुंच पाती या नहीं। वह मुझे बहुत अच्छे से समझते हैं और हर बात मुझे समझाते हैं लेकिन वह कभी मुझे ऐसा महसूस नहीं होने देते कि मैं सबसे अच्छी नहीं हूं। वह हमेशा मुझसे कहते हैं कि मैं बस कुछ ही कदम दूर हूं और मैं यह कर दिखाऊंगी।"
उन्होंने कहा, "जब मेरा ऑक्शन चल रहा था तो मैं मयंक सर से बात कर रही थी और मैंने उन्हें बताया कि मेरा नाम अभी तक नहीं आया है। फिर भी, वह मुझे प्रेरित करते रहे। मैं हमेशा अपने बारे में सब कुछ, यहां तक कि छोटी-छोटी बातें भी और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के बारे में उनसे बातें शेयर करती हूं।"
"अगर मैं किसी चीज को लेकर परेशान होती हूं, चाहे वह क्रिकेट से जुड़ी हो या क्रिकेट के बाहर की, तो मैं उनसे बात करती हूं और मुझे बहुत राहत मिलती है। मुझे लगा कि मेरे पास उनके जैसा ही कोई मेंटॉर होना चाहिए। वह बहुत सकारात्मक इंसान हैं। उनकी वजह से अब मैं भी थोड़ा सकारात्मक रहने लगी हूं।" इससे पहले मैं खुद को इतनी अच्छी तरह नहीं समझती थी लेकिन जब मैंने खुद को समझना शुरू किया तो उन्होंने मुझे इस प्लेटफॉर्म की अहमियत समझानी शुरू की।
उन्होंने मुझसे कहा कि ये दिन बहुत कीमती हैं और पता भी नहीं चलेगा कि कब ये दिन बीत जाएंगे। इसलिए खेलने के साथ-साथ हर दिन को खुलकर जियो। उस दिन (डब्ल्यूपीएल में चुने जाने के बाद) जब हम बात कर रहे थे, तो वह पल बहुत भावुक कर देने वाला था, क्योंकि मैं जानती हूं कि वे खुद अपने समय में एक बहुत अच्छे खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी खेली थी और अपने पहले ही मैच में 200 रन बनाए थे। सर ने मुझे अपने सफर के सारे किस्से सुनाए हैं। यह मेरे लिए बहुत प्रेरणादायक है, इसलिए मैंने उनसे कहा कि मैं खेलूंगी और भारत के लिए खेलने का आपका सपना पूरा करूंगी। मैंने उनसे कहा कि मैं सिर्फ खेलना नहीं चाहती, बल्कि मैं लंबे समय तक वहां टिकना चाहती हूं और अपना दबदबा बनाना चाहती हूं इसलिए सर के लिए भी वह बहुत भावुक पल था।
आने वाले महीनों में नजमा के लिए बड़े स्टेज और बेहतर रोशनी इंतजार कर रही है। फिलहाल वह और जो लोग इतने सालों से उनके साथ खड़े रहे हैं, वे उनकी कड़ी मेहनत और लगन का फल देख सकते हैं। नजमा को टॉप पर पहुंचने में 12 साल लगे, लेकिन ऐसा लगता है कि इस देर से उभरी खिलाड़ी की कहानी तो अभी शुरू ही हुई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
