अग्निवीरों के पास भारतीय नौसेना में नियमित नाविक बनने का अवसरः नौसेना प्रमुख

अग्निवीरों के पास भारतीय नौसेना में नियमित नाविक बनने का अवसरः नौसेना प्रमुख
ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में शुक्रवार को नौसेना के अग्निवीरों और नाविकों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण पूरा करने वाले अब तक के सबसे बड़े अग्निवीर बैच की परेड रही। इसमें नौसेना के नौवें बैच के अग्निवीर शामिल हुए।

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा स्थित आईएनएस चिल्का में शुक्रवार को नौसेना के अग्निवीरों और नाविकों की पासिंग आउट परेड आयोजित की गई। यह आईएनएस चिल्का से प्रशिक्षण पूरा करने वाले अब तक के सबसे बड़े अग्निवीर बैच की परेड रही। इसमें नौसेना के नौवें बैच के अग्निवीर शामिल हुए।

नौसेना के मुताबिक, पासिंग आउट परेड के इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने परेड का निरीक्षण किया और नए नौसैनिकों को देश की समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए प्रेरित किया।

नौसेना प्रमुख ने शानदार परेड के लिए सभी प्रशिक्षुओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस अनुशासन, सटीकता और आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षुओं ने परेड की, वह सराहनीय है। उन्होंने पदक विजेताओं को भी बधाई दी और कहा कि उनकी उपलब्धियां लगातार मेहनत, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि यह पासिंग आउट परेड समुद्र में एक पहरे से दूसरे पहरे को जिम्मेदारी सौंपने जैसी है। जब एक दल अपनी जिम्मेदारी दूसरे दल को सौंपता है, तो पूरे जहाज के चालक दल को भरोसा रहता है कि नया दल पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। आज भारतीय नौसेना की नई पीढ़ी देश की समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार खड़ी है। अब ये युवा नौसैनिक भी नौसेना के साहस, समर्पण और देश की सुरक्षा के गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाएंगे।

एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि भारतीय नौसेना को अपने नए सदस्यों पर पूरा भरोसा है। नौसेना में जीवन दूसरे पेशों से अलग है। यहां रोमांच और चुनौतियों के साथ पेशेवर और व्यक्तिगत विकास के अनेक अवसर मिलते हैं। सबसे बढ़कर देश की सेवा करने और उसके लिए कुछ महत्वपूर्ण करने का गौरव मिलता है।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 1987 में नौसेना में प्रवेश किया था, तब दुनिया आज से बहुत अलग थी। अब समुद्र में युद्ध का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। सेटेलाइट, ड्रोन, एआई, क्वांटम तकनीक और स्वचालित प्रणालियां नौसैनिक युद्ध के तरीके बदल रही हैं। ऐसे में यह सवाल उठ सकता है कि क्या आधुनिक मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल से नौसैनिकों की भूमिका कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसका जवाब है, बिल्कुल नहीं। मशीनें जितनी आधुनिक और सक्षम होंगी, उन्हें सही दिशा देने और सही समय पर निर्णय लेने वाले नौसैनिकों की भूमिका उतनी ही महत्वपूर्ण होगी।

नौसेना प्रमुख ने नए अग्निवीरों को बताया कि देशभर से आवेदन करने वाले लाखों युवाओं में से केवल लगभग कुछ प्रतिशत उम्मीदवार ही चयनित होकर यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उनकी मेहनत और योग्यता का प्रमाण है। उन्होंने अग्निवीर योजना में हुए एक महत्वपूर्ण बदलाव का भी उल्लेख किया। अब अग्निवीरों के पास भारतीय नौसेना में नियमित नाविक बनने और लंबा करियर बनाने का अतिरिक्त अवसर है।

उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से इस अवसर को हासिल करने का लक्ष्य रखने की अपील की। हालांकि, इसके लिए उन्हें अपने प्रदर्शन, आचरण, व्यवहार, प्रतिबद्धता और योग्यता से खुद को साबित करना होगा। नौसेना प्रमुख ने नए नौसैनिकों से तीन अपेक्षाएं भी रखीं। पहली, अपने काम में महारत हासिल करें और हर दिन अपनी जिम्मेदारी पूरी उत्कृष्टता के साथ निभाएं। दूसरी, सीखना कभी बंद न करें। प्रशिक्षण लें, लगातार सीखें और जरूरत पड़ने पर पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। तीसरी, साहस और सही काम करने के दृढ़ संकल्प जैसे नौसेना के मूल्यों को हमेशा अपने जीवन में अपनाएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story