वाराणसी बॉलीवुड अभिनेता रजा मुराद ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, बजरंगबली के किए दर्शन

वाराणसी बॉलीवुड अभिनेता रजा मुराद ने पेश की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, बजरंगबली के किए दर्शन
धर्मनगरी काशी में गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने वाराणसी में बजरंगबली के दर्शन किए और अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखने वाले रजा मुराद ने भगवान हनुमान और प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था जताई, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी हो रही है।

वाराणसी, 13 नवंबर (आईएएनएस)। धर्मनगरी काशी में गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रजा मुराद ने वाराणसी में बजरंगबली के दर्शन किए और अपनी श्रद्धा व्यक्त की। मुस्लिम धर्म से ताल्लुक रखने वाले रजा मुराद ने भगवान हनुमान और प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था जताई, जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी हो रही है।

रजा मुराद वाराणसी के हरहुआ स्थित 51 फीट ऊंची वरद अंजनेय हनुमान जी की प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने हनुमान जी की भव्य प्रतिमा के दर्शन किए और मंदिर की भव्यता की जमकर सराहना की। अभिनेता ने खुद वीडियो बनाकर हनुमान जी की भक्ति और शक्ति का वर्णन किया। इस वीडियो में काशी की धार्मिक आस्था और सौहार्द की झलक साफ देखने को मिली।

रजा मुराद ने तीन दिन पहले अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से यह वीडियो साझा किया था। वीडियो साझा करते ही यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। लोग उनकी इस पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल बता रहे हैं।

वीडियो संदेश में रजा मुराद ने कहा, "वाराणसी से बाबतपुर एयरपोर्ट जाते वक्त हनुमान जी की विशाल मूर्ति दिख रही, जिसका नाम है- वरद आंजनेय मंदिर। दो साल पहले इस मूर्ति की स्थापना हुई थी। जहां तक हनुमान जी का सवाल है। पूरी दुनिया उनसे बहुत प्रेम करती है और उनकी पूजा करती है। श्रीराम चंद्र के लिए उनके मन में जो श्रद्धा थी और वफादारी थी, वह अपने आप में जीती-जागती एक मिसाल है। मैंने सोचा इसे अपने फैंस के साथ शेयर किया जाए। लव यू ऑल।"

रजा मुराद के इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। काशी में उनकी इस यात्रा को गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत तस्वीर के रूप में देखा जा रहा है। वाराणसी को वैसे भी धर्म, संस्कृति और सौहार्द की नगरी माना जाता है। यहां हर धर्म के लोग एक-दूसरे के पर्व और आस्था का सम्मान करते हैं। ऐसे में एक मुस्लिम अभिनेता का हनुमान मंदिर जाकर दर्शन करना और अपनी श्रद्धा व्यक्त करना इस परंपरा को और मजबूत करता है।

हरहुआ स्थित वरद अंजनेय मंदिर में 51 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वाराणसी से बाबतपुर एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पर यह प्रतिमा दूर से ही नजर आती है। दो साल पहले स्थापित हुई इस प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। मंदिर परिसर की भव्यता और शांत वातावरण लोगों को खासा आकर्षित करता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story