महाराष्ट्र सूखा रामदास आठवले एक महीने का वेतन करेंगे दान, उद्योगपतियों और अधिकारियों से भी की अपील

महाराष्ट्र सूखा रामदास आठवले एक महीने का वेतन करेंगे दान, उद्योगपतियों और अधिकारियों से भी की अपील
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने भी सूखाग्रस्त लोगों की सहायता के लिए अपनी एक महीने की तनख्वाह मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगपतियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से भी मदद के लिए हाथ बढ़ाने का अनुरोध किया है।

मुंबई, 13 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने भी सूखाग्रस्त लोगों की सहायता के लिए अपनी एक महीने की तनख्वाह मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने उद्योगपतियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से भी मदद के लिए हाथ बढ़ाने का अनुरोध किया है।

आठवले ने कहा कि महाराष्ट्र गंभीर सूखे की चपेट में है और जल संकट के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कॉरपोरेट क्षेत्र के उद्योगपतियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से भी सूखा प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आने और एक महीने का वेतन राहत कार्यों के लिए दान करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि वे जल्द ही अपनी एक महीने की लगभग दो लाख रुपए की तनख्वाह का चेक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंपेंगे।

आठवले ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने सूखा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कई स्तरों पर योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने बताया कि रिपब्लिकन पार्टी की ओर से मराठवाड़ा के प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भी भेजी गई है। पार्टी के कोषाध्यक्ष एमएस नंदा और युवा आघाड़ी महाराष्ट्र अध्यक्ष पप्पू कागड़े की पहल पर मराठवाड़ा के सूखा प्रभावित लोगों के बीच कम से कम 10 ट्रक खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया है।

आठवले ने उम्मीद जताई कि समाज के विभिन्न वर्गों, उद्योग जगत और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सूखा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के प्रयास और मजबूत होंगे।

इससे पहले, रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' के विजेता शहजाद पूनावाला ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपनी विजेता ट्रॉफी उन्हें भेंट की। उन्होंने शो से मिली अपनी पूरी 35 लाख रुपए की पुरस्कार राशि महाराष्ट्र में सूखा राहत तथा असम और बिहार में बाढ़ राहत कार्यों के लिए दान करने की घोषणा की थी।

महाराष्ट्र में इस वर्ष कम बारिश के कारण बड़े पैमाने पर सूखे की स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्य सरकार ने 358 में से 305 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है, जो राज्य के 85 प्रतिशत से अधिक भौगोलिक क्षेत्र को कवर करते हैं। वर्ष 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान राज्य में सामान्य 994.5 मिमी के मुकाबले केवल 804.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो लगभग 19 प्रतिशत कम है।

सूखे का सबसे अधिक असर मराठवाड़ा क्षेत्र पर पड़ा है, जहां वर्षा में 38 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इसके बाद विदर्भ में 27 प्रतिशत वर्षा घाटा रहा। छत्रपति संभाजीनगर संभाग में सबसे अधिक 76 तालुके सूखाग्रस्त घोषित किए गए हैं, जबकि अमरावती में 56, नासिक में 52, नागपुर में 52 और पुणे में 51 तालुके प्रभावित हैं। सूखे से आठ लाख से अधिक किसान प्रभावित हुए हैं और सोयाबीन तथा कपास की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story