गढ़चिरौली में जंगल से माओवादियों के छिपाए गए हथियार और विस्फोटक जखीरा बरामद

गढ़चिरौली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में माओवाद अब लगभग खत्म हो चुका है और जिले के लोग उसकी दहशत से मुक्त हो चुके हैं, लेकिन बीते दौर में माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमले करने के लिए जो हथियार और विस्फोटक जंगलों में जमीन के नीचे छिपा रखे थे, वो अब भी खतरा बने हुए थे। उसी खतरे को खत्म करने के लिए गडचिरोली पुलिस ने 17 नवंबर को बड़ी कार्रवाई की।
पोस्टे गर्देवाडा हद्दी के हिक्केर जंगल परिसर में माओवादियों ने विस्फोटक छिपाकर रखा है, ऐसी गोपनीय जानकारी पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के मार्गदर्शन में विशेष अभियान पथक गढ़चिरौली और प्राणहिता की 5 टुकड़ियां और बीडीडीएस की 2 टीमें जंगल में सर्च अभियान के लिए रवाना हुईं।
जवानों ने इलाके की बारीकी से जांच की तो जमीन में दबा हुआ पूरा जखीरा मिल गया। पुलिस ने मौके से 2 हथियार, 31 कारतूस, 3 ग्रेनेड, 18 बीजीएल सेल और डेटोनेटर समेत बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की।
पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री में 01 नग 12 बोर राइफल, 1 नग एयर गन राइफल, 13 नग .303 कारतूस, 18 नग 8 एमएम कारतूस, 3 नग ग्रेनेड, 18 नग बीजीएल सेल, 2 नग बीजीएल लॉन्चर, 10 नग डेटोनेटर, 21 नग सुराका सेल, 1 नग होंडा कंपनी का इलेक्ट्रिक जनरेटर, 22 नग वायर बंडल और बड़ी मात्रा में अन्य माओवादी साहित्य शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, अंतरराज्यीय सीमावर्ती भाग के दुर्गम जंगल का फायदा उठाकर माओवादी ये सामान तैयार करते थे और गुपचुप तरीके से जंगल में जमीन में छिपा देते थे। इसका इस्तेमाल नक्सल सप्ताह, चुनाव जैसे मौकों पर सुरक्षा बलों पर घातपात करने के लिए किया जाता था।
अब पुलिस की लगातार कार्रवाई से वो नेटवर्क टूट चुका है, लेकिन जमीन में दबा ये सामान कभी भी किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता था। इसलिए इसे बरामद करना बेहद जरूरी था। पुलिस का कहना है कि इस तरह के छिपाए गए हथियारों को खोजकर नष्ट करना अभियान का अहम हिस्सा है, ताकि भविष्य में कोई भी माओवादी गुट इसका इस्तेमाल न कर सके।
यह कार्रवाई एसपी एम. रमेश के आदेश और मार्गदर्शन में, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधीरा, अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी., अपर पुलिस अधीक्षक अहेरी (प्राणहिता) हर्षवर्धन बि. जे., पुलिस उप-अधीक्षक (अभियान) सुनील उईके की देखरेख में विशेष अभियान पथक, गढ़चिरौली, प्राणहिता और इंट सेल तथा बीडीडीएस पथक के जवानों ने सफलतापूर्वक पूरी की। एसपी ने इसमें शामिल सभी जवानों की सराहना की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
