बेरहम बाप: चॉकलेट-वड़ापाव का लालच देकर बेटों को घुमाने ले गया, फिर नहर में फेंका! - चीखें सुनकर से भी नहीं पसीजा दिल

चॉकलेट-वड़ापाव का लालच देकर बेटों को घुमाने ले गया, फिर नहर में फेंका! - चीखें सुनकर से भी नहीं पसीजा दिल
  • 5 और 7 साल के मासूमों को स्कूटी पर बैठाकर ले गया था पिता
  • बच्चों की चीखों से भी नहीं पसीजा दिल, रोकने पहुंचे किसानों पर फेंके पत्थर
  • सोमवार शाम की घटना, रात से तलाश जारी, आरोपी पिता पुलिस हिरासत में

डिजिटल डेस्क, पाचोड़। पिता की गोद बच्चों के लिए सबसे सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन पैठण तहसील के नांदर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही दो मासूम बेटों को चॉकलेट और वड़ापाव खिलाने तथा घुमाने का लालच देकर स्कूटी पर बैठाया और जायकवाड़ी बांध की बाईं नहर में फेंक दिया। सोमवार, 16 नवंबर की शाम करीब 7 बजे हुई इस घटना के बाद से दोनों बच्चों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है।

5 और 7 साल के बेटों को स्कूटी पर बैठाकर ले गया नहर तक

नांदर निवासी सोमनाथ दामोदर रोडगे (40) अपने दोनों बेटों श्याम (5) और आर्यन (7) को स्कूटी पर बैठाकर नहर तक ले गया था। आरोप है कि वहां उसने दोनों बच्चों को नहर में धकेल दिया। इस दौरान मासूम बच्चे पिता से गुहार लगाते रहे, "पापा, हम मर जाएंगे, ऐसा मत कीजिए।" लेकिन बच्चों की चीखों का भी उस पर कोई असर नहीं हुआ।

इसी दौरान नहर पर विद्युत पंप चालू करने पहुंचे कुछ किसानों ने यह दृश्य देखा। उन्होंने पिता को रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर पत्थर फेंके और गाली-गलौज की।


यह भी पढ़े -नेशनल हाइवे पर मृतक प्रहलाद की लाश सड़क पर रखकर तीन घंटे चक्का जाम

किसानों की सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही किसानों ने पाचोड़ पुलिस को सूचना दी। सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन पंडित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सोमनाथ रोडगे को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर दोनों बच्चों को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की।

रात से तलाश जारी, अब तक नहीं मिला कोई सुराग

घटना के बाद पुलिस और परिजनों ने सोमवार रात से ही नहर में दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। हालांकि, अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बच्चों की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।

इस घटना से नांदर सहित पूरे पैठण तहसील में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिन बच्चों की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी पिता पर थी, उन्हीं के साथ हुए इस कथित अमानवीय कृत्य ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Created On :  

Next Story