गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या मामले में एक्शन, पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 23 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (पीडब्ल्यूसी) के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की मौत के मामले में सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश के बाद फतेहगढ़ साहिब पुलिस द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, गगनदीप सिंह रंधावा ने 21 मार्च को आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से ही इस मामले ने तूल पकड़ लिया था। रंधावा की मौत के पीछे पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर पर प्रताड़ना और मानसिक दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे थे। मामले में एक अहम मोड़ तब आया जब मृतक द्वारा आत्महत्या से पहले बनाया गया एक वीडियो सामने आया। इस वीडियो में रंधावा ने कथित तौर पर अपनी परेशानी के लिए पूर्व मंत्री का नाम लिया था। इसके बाद परिजनों ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए भुल्लर पर उत्पीड़न, धमकी और मानसिक दबाव बनाने के आरोप लगाए।
परिजनों की शिकायत और सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर अब पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी की गई है। इस कार्रवाई के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।
इससे पहले सोमवार को ही रंधावा की पत्नी ने कहा था कि 21 मार्च को उनकी मौत हुई थी, लेकिन आज 23 तारीख हो चुकी है और इस मामले में कुछ नहीं हुआ है। हमारी मांग थी कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया। उन्होंने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर कुछ नहीं हुआ तो हम अपने बच्चों को साथ लेकर सड़कों पर उतरेंगे। हम लोग भी अपनी कुर्बानी देंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर पंजाब सरकार हमारी बात नहीं सुनती है तो हम सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
गगनदीप सिंह रंधावा की बेटी ने कहा था कि वे (आरोपी पक्ष) कहते हैं कि आरोप बेबुनियाद हैं। इसमें कोई सबूत नहीं है। लेकिन मेरे पापा की मौत के मामले में पुख्ता सबूत हैं। उन्हें ऑफिशियल नंबर से 10 बार कॉल आई थी। इसकी टेक्निकल और फॉरेंसिक जांच होनी चाहिए, जिससे सारी चीजें सामने आ जाएंगी। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उन्हें जमानत भी नहीं मिलनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 March 2026 4:17 PM IST












