घर खरीदारों से धोखाधड़ी पर सीबीआई का बड़ा एक्शन, बिल्डर कंपनी के खिलाफ 18वीं चार्जशीट दाखिल
नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह चार्जशीट बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों व अधिकारियों के खिलाफ दाखिल की गई है।
सीबीआई के सूचना विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह मामला पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के राजारहाट टाउन एरिया में स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ी कथित धोखाधड़ी से संबंधित है।
एजेंसी ने मेसर्स एमकेएचएस हाउसिंग एलएलपी, उसके डेजिग्नेटेड पार्टनर, मेसर्स इंडियाबुल्स डिस्ट्रीब्यूशन सर्विसेज लिमिटेड, जिसे अब मेसर्स इंडियाबुल्स नेस्ट्स लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, और उसके निदेशकों/अधिकारियों के साथ-साथ मेसर्स इंडियाबुल्स इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड, जिसे अब मेसर्स इंडियाबुल्स अर्बन रेजिडेंसी लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, और उसके निदेशकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। ये चार्जशीट सीबीआई की विशेष कोर्ट-II, अलीपुर, उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल के समक्ष दाखिल की गई हैं।
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि आरोपी बिल्डर कंपनी और उसके निदेशकों ने एनबीएफसी अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके झूठे वादों और धोखाधड़ीपूर्ण दावों के जरिए घर खरीदारों और निवेशकों को लुभाया और गैर-कानूनी व धोखा देकर वित्तीय लाभ हासिल किया। जांच में ठोस सबूत मिलने के बाद भारतीय दंड संहिता की आपराधिक साजिश, उकसाने, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात से संबंधित धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है।
सीबीआई ने बताया कि वह वर्तमान में देश भर की विभिन्न बिल्डर कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ 31 अन्य मामलों की जांच कर रही है। ये सभी मामले सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत घर खरीदारों से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और फंड के डायवर्जन से संबंधित हैं।
इससे पहले सीबीआई ने मेसर्स रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, मेसर्स एवीजे डेवलपर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, मेसर्स शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, मेसर्स नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड और अन्य कंपनियों के खिलाफ 17 चार्जशीट दाखिल की थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 Aug 2026 7:39 PM IST












