कागजात खंगाले: अवैध सावकारी पर सहकार विभाग का छापा, घर-ऑफिस से दस्तावेज और चेक जब्त

अवैध सावकारी पर सहकार विभाग का छापा, घर-ऑफिस से दस्तावेज और चेक जब्त
  • बिना अनुमति कारोबार मिला तो महाराष्ट्र सावकारी अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
  • खरीदखत, चेक और अन्य दस्तावेज मिले,विभाग ने शुरू की जांच
  • साहूकार के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई, कर्ज से जुड़े कागजात खंगाले

Latur News. अवैध साहूकारी के खिलाफ सहकार विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध साहूकार के घर और कार्यालय पर एक साथ छापा मारा। विभाग की टीम ने यहां से कर्ज से जुड़े दस्तावेज, चेक, खरीदखत सहित कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में अनियमितता सामने आने पर महाराष्ट्र सावकारी (विनियमन) अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घर और कार्यालय पर एक साथ छापेमारी

सहायक निबंधक सहकारी संस्था रवि गडेकर के निर्देश पर एन.एस. शेख और ए.वी. कडतने की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि संबंधित व्यक्ति बिना वैध अनुमति के सावकारी का कारोबार कर रहा था या नहीं।

कर्ज के दस्तावेज और चेक समेत कागजात जब्त

कार्रवाई के दौरान कर्ज से संबंधित दस्तावेज, चेक, खरीदखत और अन्य कागजात मिले हैं। विभाग इन दस्तावेजों की जांच कर लेन-देन और सावकारी के कारोबार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

अवैध सावकारी की जानकारी देने की अपील

यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. भारत बास्टेवाड, विभागीय सहनिबंधक सहकारी संस्था नानासाहेब चव्हाण और प्रभारी जिला उपनिबंधक सहकारी संस्था रमाकांत आग्रे के मार्गदर्शन में की गई। सहायक निबंधक रवि गडेकर ने लातूर तालुका क्षेत्र में अवैध सावकारी से संबंधित जानकारी सहकार विभाग को देने की अपील नागरिकों से की है।

जानकारी सहायक निबंधक, सहकारी संस्था, लातूर कार्यालय, भूतल, मध्यवर्ती प्रशासकीय इमारत, लातूर में दी जा सकती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में अनियमितता सामने आने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   24 Aug 2026 7:53 PM IST

Tags

Next Story