- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- लातूर
- /
- 100 मोटरसाइकिलों के साथ गांवों में...
स्वतंत्रता दिवस: 100 मोटरसाइकिलों के साथ गांवों में गूंजा देशभक्ति का संदेश, सीआरपीएफ ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

Latur News. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लातूर स्थित रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र की ओर से शुक्रवार को करीब 100 मोटरसाइकिलों के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
रैली रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र से शुरू होकर खंडापूर, गंगापूर और चिंचोलीराववाड़ी गांवों से होते हुए गुजरी। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ रैली का स्वागत किया। तिरंगा लहराते हुए मोटरसाइकिल सवार जवानों ने ग्रामीणों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
डीआईजी अमीरुल हसन अंसारी के नेतृत्व में आयोजन
रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र के उपमहानिरीक्षक एवं प्राचार्य अमीरुल हसन अंसारी के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया। केंद्र के राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान और उनके परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में रैली में शामिल हुए। रैली के दौरान मार्ग में आने वाले विभिन्न स्कूलों और गांवों में तिरंगे वितरित किए गए।
खंडापूर जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक कदम, गंगापूर के प्रधानाध्यापक रोहन कोली, सह्याद्री माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक भरत जाधव तथा चिंचोलीराववाड़ी स्थित हनुमान विद्यालय के प्रधानाध्यापक ए.ए. पवार सहित ग्राम पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
विद्यार्थियों को बताया स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास
सीआरपीएफ अधिकारियों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की जानकारी दी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और नागरिकों में देश के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
आयोजकों के अनुसार, रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना, राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाना तथा विद्यार्थियों और आम नागरिकों में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना था।
Created On :   14 Aug 2026 5:58 PM IST













