- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- लातूर
- /
- सीआरपीएफ ने लगाए 2 हजार पौधे, 17 सौ...
भास्कर के अभियान का असर: सीआरपीएफ ने लगाए 2 हजार पौधे, 17 सौ प्रशिक्षुओं ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प

Latur News. दैनिक भास्कर के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की गूंज अब सुरक्षा बलों तक पहुंच गई है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के रंगरूट प्रशिक्षण केंद्र लातूर में सोमवार को बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं प्राचार्य अमीरूल हसन अंसारी की मौजूदगी में परिसर में 2,000 फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए गए। अभियान में करीब 1,700 प्रशिक्षणार्थियों के साथ अधिकारियों और जवानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी अमीरूल हसन अंसारी ने कहा कि "देश की सीमाओं की रक्षा के साथ प्रकृति की सुरक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है। आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और हरियाली की अमूल्य विरासत बनेंगे।" उन्होंने सभी जवानों से पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी आह्वान किया। अभियान में कमांडेंट पारस नाथ, राजपत्रित अधिकारी, जवान और प्रशिक्षणार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। सभी ने केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का भी वादा किया।
सीआरपीएफ कैंप बना पक्षियों का सुरक्षित आश्रय
लगातार किए जा रहे वृक्षारोपण का सकारात्मक परिणाम अब साफ दिखाई देने लगा है। आरटीसी, सीआरपीएफ लातूर परिसर और आसपास का क्षेत्र आज अनेक पक्षियों एवं जलपक्षियों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक आवास बन चुका है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी इसी तरह हरित अभियान जारी रखे जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा मिल सके।
Created On :   4 Aug 2026 8:07 PM IST












