- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- लातूर
- /
- चार किलोमीटर तक पीछा किया, तब जाकर...
पर्दाफाश: चार किलोमीटर तक पीछा किया, तब जाकर पुलिस के हत्थे चढ़ा घरफोड़ गिरोह का शातिर चोर, 13.59 लाख का माल बरामद

Latur News. निलंगा में हुई घरफोड़ चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.59 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया। स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) की टीम ने करीब चार किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को दबोचा। पुलिस अधीक्षक अमोल तांबे के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंगेश चव्हाण के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी के आभूषण बेचने के लिए आरोपी शिवली मोड़ क्षेत्र में आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी की। आरोपी विजय बापू काले (26), निवासी हंगरगा (तुड), जिला धाराशिव मोटरसाइकिल से पहुंचा। पुलिस को देखकर वह वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपने फरार साथी आकाश दंडगुले के साथ करीब 15 दिन पहले निलंगा के एक बंद मकान में चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में निलंगा थाने में पहले से अपराध दर्ज है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 तोला 9 ग्राम सोने के आभूषण, 16 तोला चांदी के जेवर, एक लाख रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद की। जब्त माल की कुल कीमत 13.59 लाख रुपये बताई गई है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Created On :   8 July 2026 7:19 PM IST













