अदालत के फैसले पर समर्थकों में खुशी, अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया- 'सत्य की जीत'
वाराणसी, 25 मार्च (आईएएनएस)। यौन उत्पीड़न के मामले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को बड़ी राहत मिली है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है।
अब मामले पर अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया है। अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का कहना है कि सत्य की जीत हमेशा हुई है।
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गिरफ्तारी पर रोक के बाद उनके समर्थकों के बीच खुशी की लहर है। कोर्ट के फैसले पर अब अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भी पहली प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "विरोधी पर ध्यान केंद्रित न करें। झूठ हमेशा पराजित होता है और सत्य की जीत हमेशा से होती रही है। जो भी विजय प्राप्त करना चाहता है, उसे इस सिद्धांत को अपनाना चाहिए कि मैं सत्य के साथ खड़ा रहूंगा। अंततः, विजय उसी की होगी।"
उन्होंने बताया कि वे आगे भी लगातार गौ सेवा के कार्यों में लगे रहेंगे।
अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के समर्थक राजन प्रसाद मिश्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हमारे लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है। इसके लिए कोर्ट का दिल से धन्यवाद। आज के फैसले के बाद आम जनता का भी कोर्ट और न्याय दोनों पर भरोसा बढ़ गया है।"
एक अन्य समर्थक ने कहा, "कोर्ट में लिखा होता है, 'सत्यमेव जयते', जिसका अर्थ है, सत्य की जीत होना। हमारे साथ भी यही हुआ है, सत्य की जीत हुई है और असत्य हार गया है। न्यायालय ने जो फैसला सुनाया है, वो साधारण नहीं है क्योंकि पोस्को के केस में ऐसा फैसला पहली बार सुनाया गया है। आगे आने वाले समय में वकील इसी केस का उदाहरण पेश किया करेंगे।"
एक अन्य महिला समर्थक ने बताया कि आज का दिन सभी समर्थकों के लिए दीपावली के जैसा है, क्योंकि हर कोई दिल से खुश है। उन्होंने कहा, "हमें पहले से पता था कि फैसला हमारे पक्ष में होगा और आज माननीय कोर्ट का फैसला सुनकर सभी बहुत खुश हैं।" महिला समर्थक ने बताया कि फैसला आने के बाद से ही उत्सव का माहौल है और बैंड-बाजे के साथ उत्सव मनाने की तैयारी हो रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 7:37 PM IST












