गोवा में सरकार जनता को देने के बजाय उनसे वसूल रही है सचिन पायलट

गोवा में सरकार जनता को देने के बजाय उनसे वसूल रही है सचिन पायलट
कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने गोवा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो युवाओं और आम लोगों की प्रतिभा को बढ़ावा दे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराए।

पणजी, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने गोवा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो युवाओं और आम लोगों की प्रतिभा को बढ़ावा दे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए मंच उपलब्ध कराए।

कांग्रेस नेता और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “सत्ता में आने वाली सरकारों को लोगों को कुछ देना चाहिए। लेकिन यहां जब कोई सरकार बनती है तो वह लोगों से कुछ न कुछ लेती ही है, चाहे वह माइनिंग हो, जमीन हो या जंगल।”

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने वाली सरकारों का उद्देश्य जनता को सुविधाएं और अवसर देना होना चाहिए, लेकिन गोवा में स्थिति इसके उलट दिखाई देती है। सत्ता में बने रहने के लिए सरकारें किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती हैं।

पायलट ने चुनाव आयोग से जुड़े हालिया विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्हें गोवा में बताया गया है कि करीब 1 लाख 40 हजार वोट हटा दिए गए हैं। विधानसभा चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं और ऐसे में मतदाता सूची से जुड़े मामलों को गंभीरता से देखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाताओं और आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के लिए यात्रा शुरू की है। कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है, उन पर सरकार के पास स्पष्ट जवाब नहीं है।

भाजपा के ‘डबल इंजन सरकार’ के दावे पर भी पायलट ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोवा के साथ-साथ दिल्ली में भी लंबे समय से भाजपा की सरकार है, लेकिन जमीन पर जाकर प्रदेश की स्थिति देखने पर कई गंभीर सवाल सामने आते हैं।

पायलट ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में गोवा में कानून-व्यवस्था की स्थिति सबसे बड़े मुद्दों में से एक बन गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश के युवाओं, स्थानीय लोगों और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि गोवा की जनता के सामने रोजगार, विकास, पर्यावरण, जमीन और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोगों से सीधे संवाद करेगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 Oct 2026 10:57 PM IST

Tags

Next Story