Goa Rehabilitation Board: आर्किटेक्ट सहित 13 पदों पर आवेदन जारी, 45 वर्ष के उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका
पणजी, 28 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। गोवा पुनर्वास बोर्ड (जीआरबी) ने नियमित आधार पर आर्किटेक्ट सहित विभिन्न 13 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जीआरबी की ओर से जारी 13 रिक्तियों में आर्किटेक्ट का 1, असिस्टेंट इंजीनियर (सिविल) का 1, जूनियर इंजीनियर (सिविल) का 1, जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) का 1, सुपरवाइजर का 1, ड्राफ्ट्समैन का 1, टेक्नीशियन के 2, लोअर डिवीजन क्लर्क के 3, मल्टी-टास्किंग स्टाफ का 1 और ड्राइवर (एलएमवी) का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर से जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार आर्किटेक्चर में डिग्री, सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री/डिप्लोमा, एसएससी, आईटीआई, एचएसएससी होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित एक से तीन वर्षों का अनुभव और कोंकणी भाषा का ज्ञान होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग, लिखित परीक्षा और कंप्यूटर टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 7वें वेतन आयोग के अनुसार पे-लेवल 1 से 7 के बीच प्रति माह होगी। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले गोवा पुनर्वास बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें।
इसके बाद सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर 'गोवा रिहैबिलिटेशन बोर्ड, बीएसएनएल, एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग, छठी मंजिल, पटो प्लाजा, पणजी, गोवा - 403001' पते पर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे के बीच खुद जाकर या डाक के माध्यम से जमा कर दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 7:33 PM IST












