शाहनगर न्यूज: पटपरा प्राथमिक शाला में 6 बच्चों पर 2 शिक्षक,

भवन जर्जर, बारिश में होती है छुट्टी

शाहनगर डिजिटल डेस्क।

पन्ना जिले के पवई विकासखंड अंतर्गत टिकरिया संकुल के शासकीय प्राथमिक शाला पटपरा (डाइस कोड 23100413205) में शिक्षा व्यवस्था की हकीकत सामने आई है। बुधवार को मौके पर स्कूल में दर्ज 6 बच्चों में से केवल 3 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि 2 शिक्षक पदस्थ हैं।

स्कूल की दीवार पर चस्पा जानकारी के अनुसार सुनील पाठक (BN5688) और तस्लीम अहमद खान (AT3221) यहां पदस्थ हैं।

मौके पर भवन पूरी तरह जर्जर मिला। छत का प्लास्टर उखड़ चुका है, सरिये बाहर निकल आए हैं। बारिश में पूरी छत टपकती है। इसी कारण किताबें, बक्से और दस्तावेज पॉलिथीन से ढंक कर रखे गए हैं। पंखे जले हुए हैं, पानी की टंकी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है, शौचालय भी टूटा पड़ा है।

विद्यालय में 2 कमरे हैं और दोनों कमरों की छत से थोड़ी सी बारिश में भी पानी का रिसाव होने से पूरा फर्श पानी से सराबोर हो जाता है, जिसमें बच्चों के बैठने के लिए जगह न होने पर छुट्टी कर दी जाती है।

पदस्थ शिक्षक तस्लीम अहमद ने बताया कि गांव में 10 से 15 आदिवासी परिवार रहते हैं, इस सत्र में 6 बच्चे दर्ज हैं, पिछले सत्र में 7 थे। उन्होंने कहा- "पानी बरसता है तो छुट्टी कर देते हैं।"

आदेश का जमीनी स्तर पर नहीं हुआ असर -

हाल ही में राज्य शिक्षा मिशन ने आदेश जारी किया था कि अगर प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या 10 या 20 से कम है तो संबंधित एरिया के स्कूलों में मर्ज किया जाए और स्कूल बंद कर दिए जाएं, पर इस आदेश का आज तक असर नहीं हुआ। लिहाजा शासन की नीतियों का दुरुपयोग हो रहा है। साथ ही टिकरिया संकुल के झांझर माध्यमिक शाला बिना शिक्षक के संचालित है, ऐसे में जहां छात्र दर्ज संख्या महज 6 है वहां दो शिक्षकों का पदस्थ होना शासन के नियमों की अनदेखी है।

इनका कहना है -

गोविंद तिवारी, बीआरसी पवई - मामले की जानकारी मुझे नहीं है, अभी हाल ही में मेरी ज्वाइनिंग हुई है, मामले की जांच कराता हूं।




Created On :   25 Sept 2026 5:01 PM IST

Tags

Next Story