- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- सड़क हादसे में गल्ला व्यापारी की...
पन्ना न्यूज: सड़क हादसे में गल्ला व्यापारी की दर्दनाक मौत------

पन्ना//सलेहा-डिजिटल-- सलेहा-पवई मुख्य सड़क मार्ग पर रीछुल मोड़ के आगे पुलिया के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गल्ला व्यापारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान इंदल साहू (35 वर्ष) निवासी मझरा रीछुल, थाना जसो, जिला सतना के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली, जबकि मृतक का शव गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर पड़ा था।
जानकारी के अनुसार मृतक के पिता नंदीलाल साहू (63 वर्ष) ने सलेहा थाना पहुंचकर पुलिस को सूचना दी कि उनका पुत्र इंदल साहू गल्ला खरीदी-बिक्री का काम करता था। वह 21 सितंबर की शाम करीब 4 बजे घर से नागौद गल्ला संबंधी कार्य से गया था। रात करीब 9 बजे उसकी नातिन दीपाली से फोन पर बातचीत हुई, जिसमें इंदल ने बताया था कि वह घर वापस आ रहा है।
परिजनों के अनुसार इसके बाद नंदीलाल साहू खाना खाने के बाद अपने खेत चले गए। 22 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे उन्हें जानकारी मिली कि सड़क पर किसी का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पर जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो रीछुल मोड़ के आगे पुलिया के पास उनका पुत्र इंदल साहू मृत अवस्था में पड़ा मिला। पास में उसकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। घटनास्थल पर बड़े वाहन की लाइट का फ्रेम तथा स्टील का गोल आकार का हिस्सा भी मिला, जिससे परिजनों ने आशंका जताई कि किसी बड़े वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी होगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। पुलिस की समझाइश के बाद परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने की सहमति दी।
कैमरों से अज्ञात वाहन की तलाश-----
पुलिस के अनुसार नगर एवं क्षेत्र में जन सहयोग से लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक रात में सलेहा से अपने घर की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार करीब रात 10:45 बजे किसी अज्ञात ट्रक द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारे जाने की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज में एक ट्रक पवई की ओर से सलेहा होते हुए कटन की दिशा में जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस द्वारा वाहन की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इनका कहना है—
घटना बेहद हृदय विदारक है। पुलिस द्वारा घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शक्ति प्रकाश पांडे थाना प्रभारी सलेहा
Created On :   22 Sept 2026 8:36 PM IST












