Panna news: गुनौर पुलिस ने पकड़ा करीब 60 हजार रुपए का गांजा

गुनौर पुलिस ने पकड़ा करीब 60 हजार रुपए का गांजा
3.048 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल न्यूज़ पन्ना

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुनौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 3.048 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

थाना प्रभारी गुनौर उनि. बलबीर सिंह को 24 सितंबर को सूचना मिली थी कि बालाजी बाईपास तिराहा गुनौर के पास एक व्यक्ति काले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

बैग से तीन पैकेट में मिला गांजा

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शालिकराम पटेल पिता रामपत पटेल, उम्र 31 वर्ष, निवासी धनोखर, थाना गुनौर, जिला पन्ना बताया। तलाशी के दौरान उसके काले पिट्ठू बैग से बरसाती में पैक और टेप से लिपटे तीन पैकेट मिले। तौल करने पर इनमें कुल 3.048 किलोग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने गांजे को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गुनौर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। पुलिस गांजे के स्रोत और इससे जुड़े अन्य संभावित व्यक्तियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


Created On :   25 Sept 2026 4:16 PM IST

Tags

Next Story