मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने से सोना फिसला, चांदी 2.23 लाख रुपए के नीचे
मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में तनाव बढ़ने का असर सोने और चांदी की कीमतों पर भी देखने को मिला है और दोनों कीमती धातुओं का दाम करीब आधा प्रतिशत कम हो गया है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का 5 अगस्त का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 1,43,711 रुपए के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ 1,43,451 रुपए पर खुला, लेकिन शुरुआती कारोबार में ही इसमें और बिकवाली देखी गई।
सुबह 10 बजे, यह 490 रुपए या 0.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,43,221 रुपए पर था। अब तक के कारोबार में सोने ने 1,43,101 रुपए का न्यूनतम स्तर और 1,43,511 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।
सोने के साथ चांदी में भी तेज गिरावट देखी गई है। चांदी का 4 सितंबर, 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछली क्लोजिंग 2,23,437 रुपए के मुकाबले 1,437 रुपए की कमजोरी के साथ 2,22,000 रुपए पर खुला।
फिलहाल यह 1,321 रुपए या 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 2,22,116 रुपए पर था।
अब तक के कारोबार में चांदी ने 2,21,502 रुपए का न्यूनतम स्तर और 2,22,761 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी में गिरावट देखने को मिली है। कॉमेक्स पर सोना 0.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,071 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58 डॉलर प्रति औंस पर था।
सोने और चांदी में गिरावट की वजह अमेरिका-ईरान में बढ़ते तनाव को माना जा रहा है। अमेरिका ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर हवाई हमला किया।
वहीं, ईरान ने मध्य पूर्व में अन्य देशों जैसे बहरीन और कुवैत पर हमला कर दिया है। इससे पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्व हो गई है।
इस घटनाक्रम से अन्य अहम कमोडिटी कच्चे तेल में भी बड़ी तेजी देखने को मिली है। ब्रेंचमार्क ब्रेंट क्रूड एक प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ करीब 79 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 75 डॉलर प्रति बैरल के करीब बना हुआ है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 July 2026 10:33 AM IST











