ग्रेटर नोएडा प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या के बाद खुद लगाई फांसी, बंद कमरे में मिले दोनों के शव
नोएडा, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने कथित रूप से अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) अपनी लिव-इन पार्टनर ज्योति के साथ तुगलपुर में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से यहां रह रहे थे और आसपास के लोगों को खुद को पति-पत्नी बताकर साथ रह रहे थे। मामले का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को कमरे से तेज बदबू आने लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के भीतर गुड्डू का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि पास में ही ज्योति का शव जमीन पर पड़ा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गुड्डू ने पहले ज्योति की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। बताया जा रहा है कि ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी, लेकिन वह पिछले 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी।
वहीं, गुड्डू के पास कोई स्थायी रोजगार नहीं था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर आर्थिक तंगी को लेकर विवाद होता रहता था। हाल के दिनों में यह विवाद और बढ़ गया था, जिससे उनके संबंधों में तनाव आ गया था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। साथ ही, दोनों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 April 2026 7:03 PM IST












