हरियाणा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद, संजय दत्त ने नेताओं से लिया फीडबैक राव नरेंद्र सिंह

हरियाणा कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद, संजय दत्त ने नेताओं से लिया फीडबैक  राव नरेंद्र सिंह
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के पांच दिवसीय दौरे को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी लगातार पार्टी के नेताओं, विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों और चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से संवाद कर रहे हैं।

चंडीगढ़, 12 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के पांच दिवसीय दौरे को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी लगातार पार्टी के नेताओं, विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों और चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से संवाद कर रहे हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि आठ जुलाई से चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठकों का दौर जारी था, जिसका समापन 12 जुलाई को हो रहा है। इस दौरान कांग्रेस से जुड़े सभी प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के सामने अपनी बात रखी और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव दिए।

उन्होंने कहा कि इन बैठकों का उद्देश्य हरियाणा में कांग्रेस के संगठन को और प्रभावी बनाना है, ताकि पार्टी की पहुंच बूथ स्तर तक मजबूत हो सके। आने वाले समय में पंचायत स्तर, मंडल स्तर और ब्लॉक स्तर पर जो समितियां बनाई जा रही हैं, उन्हें और सक्रिय करने की दिशा में भी चर्चा हुई है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संजय दत्त का संगठन में लंबा अनुभव रहा है और उनके अनुभव का लाभ हरियाणा कांग्रेस को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य एक मजबूत संगठन तैयार करना है, जो आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों और चुनावी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सके।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इन बैठकों की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से अपनी बात रखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि कई बार सार्वजनिक मंचों पर लोग अपनी बात खुलकर नहीं कह पाते, लेकिन बंद कमरे की वन-टू-वन बैठकों में वे अपनी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सीधे प्रभारी के सामने रख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि पार्टी नेताओं को यह भी बताया जा रहा है कि बूथ स्तर पर बीएलओ और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ किस तरह बेहतर तालमेल बनाकर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्षों, ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की दिशा में मार्गदर्शन दिया गया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की ओर से जो भी कार्यक्रम दिए जाएंगे, उन्हें मजबूती के साथ लोगों के बीच ले जाने की जिम्मेदारी संगठन के सभी पदाधिकारियों की होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, जनता की समस्याएं, कानून व्यवस्था और सरकार के प्रति लोगों की राय जैसी जानकारियां भी प्रदेश प्रभारी जुटा रहे हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 12 तारीख का दिन विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ चुके उन उम्मीदवारों के लिए रखा गया था, जो चुनाव में हार गए थे। उन्होंने कहा कि प्रभारी ने उनसे भी वन-टू-वन बातचीत की और चुनाव परिणामों को लेकर फीडबैक लिया।

उन्होंने कहा कि इस दौरान उम्मीदवारों से पूछा गया कि उनकी हार के क्या कारण रहे, किन परिस्थितियों में पार्टी को नुकसान हुआ और किन मुद्दों पर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों ने अपने अनुभव साझा किए और चुनाव के दौरान आई चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की बातचीत से नेताओं के मन की बातें सामने आती हैं और संगठन को वास्तविक स्थिति समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि अगर किसी सीट पर कोई कमी रही, किसी स्तर पर तालमेल की समस्या रही या कोई अन्य कारण रहा, तो उसकी जानकारी संगठन तक पहुंचती है।

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों और नेताओं को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लिए यह सौभाग्य की बात है कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारियां मिली हुई हैं।

उन्होंने कहा कि कुमारी सैलजा राष्ट्रीय महासचिव हैं और उन्हें उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रणदीप सिंह सुरजेवाला राष्ट्रीय महासचिव हैं और उन्हें कर्नाटक की जिम्मेदारी मिली हुई है। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र सिंह हुड्डा को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास करती है। दलित, पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अन्य समुदायों को साथ लेकर चलना पार्टी की नीति रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 July 2026 3:06 PM IST

Tags

Next Story