हरियाणा रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूटकांड में 24 घंटे के भीतर पकड़े गए 5 आरोपी

हरियाणा  रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूटकांड में 24 घंटे के भीतर पकड़े गए 5 आरोपी
हरियाणा के रेवाड़ी के कसौला थाना पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएमटी बावल क्षेत्र से एक कंपनी कर्मचारी को बंधक बनाकर गाड़ी में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर पकड़ने में सफलता हासिल की है।

चंडीगढ़, 13 जुलाई (आईएएनएस)। हरियाणा के रेवाड़ी के कसौला थाना पुलिस ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई करते हुए आईएमटी बावल क्षेत्र से एक कंपनी कर्मचारी को बंधक बनाकर गाड़ी में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन नाबालिगों सहित कुल पांच आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर पकड़ने में सफलता हासिल की है।

वारदात के दो मुख्यारोपियों की पुलिस ने सरेआम बाजार से लेकर वारदात वाले पॉइंट तक शिनाख्त परेड करवाई, जिन्हें देखने के लिए लोगों का तांता लग गया। गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों की पहचान मोहित (निवासी गांव तिहाड़ा) और कमल (निवासी सैनिक कॉलोनी, मोहल्ला जटवाड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी मोहित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा और चारपहिया गाड़ी भी बरामद कर ली है।

डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के जिला जालौन के गांव सिहारी निवासी सूरज सिंह ने रविवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में जलियावास गांव में किराए के मकान में रहता है और आईएमटी बावल के सेक्टर-6 स्थित टैक्नीको प्राइवेट कंपनी में ठेकेदारी पर काम करता है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 जुलाई को शाम करीब 3:50 बजे जब वह अपनी कंपनी से ड्यूटी खत्म करके किराए के मकान पर लौट रहा था, तभी सेक्टर-6 स्थित गुटरमैन कंपनी के पास एक गाड़ी आकर रुकी। गाड़ी में 5 नौजवान लड़के सवार थे, जिन्होंने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींच लिया।

आरोपियों ने डरा-धमका कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया। आरोपियों ने पिस्तौल के बल पर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर उसके बैंक खाते से 24,000 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इसके बाद उसे बावल क्षेत्र के गांव दुल्हेड़ा खुर्द नहर के पंप हाउस के पास फेंककर गाड़ी सहित फरार हो गए।

शिकायत मिलते ही थाना कसौला में लूट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके पुलिस की विभिन्न टीमें गठित की गईं। वहीं, रविवार की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बिना नंबर की संदिग्ध कार क्षेत्र में घूम रही है। पुलिस टीम ने जब गाड़ी को रोकने का प्रयास किया, तो आसवल फ्लाईओवर के पास खुद को घिरा देख आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे।

भागते समय मुख्य आरोपी मोहित पास के एक गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आई। तलाशी के दौरान गाड़ी से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने गाड़ी में सवार दूसरे आरोपी को भी मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस ने घायल मोहित को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज करवाया गया।

सोमवार सुबह कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए इस वारदात में शामिल तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को भी नियमानुसार पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। मामले की आगे की जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी मोहित पर इससे पहले भी थाना कसोला में मोबाइल और नकदी लूटने का एक मामला दर्ज है। वहीं, आरोपी कमल एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही लूट और चोरी के करीब 8 से 9 मामले दर्ज हैं।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए रेवाड़ी से एक वेन्यू कार किराए पर ली थी। उन्होंने कार मालिक को झांसा दिया था कि उन्हें खाटू श्याम के दर्शन करने जाना है। इसके बाद उन्होंने इसी कार का इस्तेमाल लूट की वारदात के लिए किया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 8:46 PM IST

Tags

Next Story