भाई की गलती अपने सिर लेने के बाद बदल जाती है अनुज की जिंदगी, 'किसका कसूर' का ट्रेलर रिलीज

भाई की गलती अपने सिर लेने के बाद बदल जाती है अनुज की जिंदगी, किसका कसूर का ट्रेलर रिलीज
एमएक्स ओरिजिनल सीरीज 'किसका कसूर' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। सीरीज में अभिनेता अर्जित तनेजा अनुज के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में दो जुड़वां भाइयों-आदित्य और अनुज की कहानी दिखाई गई है। जहां आदित्य को परिवार का ऐसा बेटा माना जाता है, जिससे कोई गलती हो ही नहीं सकती, वहीं अनुज को अक्सर परिवार का बिगड़ा हुआ सदस्य समझा जाता है।

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। एमएक्स ओरिजिनल सीरीज 'किसका कसूर' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। सीरीज में अभिनेता अर्जित तनेजा अनुज के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में दो जुड़वां भाइयों-आदित्य और अनुज की कहानी दिखाई गई है। जहां आदित्य को परिवार का ऐसा बेटा माना जाता है, जिससे कोई गलती हो ही नहीं सकती, वहीं अनुज को अक्सर परिवार का बिगड़ा हुआ सदस्य समझा जाता है।

कहानी में मोड़ तब आता है, जब एक हादसे के बाद अनुज अपने भाई की गलती अपने सिर ले लेता है और इसके लिए उसे दो साल जेल में बिताने पड़ते हैं। इस किरदार को निभाने के अनुभव और इसकी खूबियों के बारे में अर्जित ने भी अपनी बात रखी है।

अपने किरदार अनुज के बारे में अर्जित तनेजा ने बताया, ''अनुज की खास बात यह है कि परिवार और आसपास के लोगों के साथ उसके रिश्ते कभी आसान नहीं रहे। जिंदगी का ज्यादातर समय उसने दूसरों के फैसलों और तुलना के बीच बिताया है, लेकिन उसके बागी अंदाज के पीछे एक ऐसा इंसान है, जो अपने करीबियों से बहुत प्यार करता है।''

उन्होंने बताया, ''अपने भाई की गलती की जिम्मेदारी लेने का उसका फैसला उसकी जिंदगी बदल देता है। इसके बाद उसकी जिंदगी में नुकसान, गुस्से और ऐसी दुनिया में अपनी जगह बनाने की कोशिश का दौर शुरू होता है, जिसने पहले ही उसके बारे में अपनी राय बना ली है। अनुज का किरदार निभाते हुए मुझे कई तरह के एक्सप्रेशन को पर्दे पर उतारने का मौका मिला। इसी वजह से यह किरदार मेरे लिए खास और दिलचस्प रहा।''

सीरीज के ट्रेलर में दिखाया गया है कि अनुज के भाई के लिए किया गया उसका त्याग उसकी आजादी से कहीं ज्यादा कीमत वसूलता है। दोनों भाइयों के रिश्ते में प्यार और वफादारी के साथ नाराजगी और धोखे की परतें भी जुड़ जाती हैं। जैसे-जैसे दबे हुए सच सामने आने लगते हैं, सही और गलत के बीच का फर्क भी धुंधला पड़ने लगता है।

सीरीज में आदित्य का किरदार पुलकित मकोल निभा रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव के बारे में बताया, '''किसका कसूर' की सबसे अच्छी बातों में से एक यह रही कि मुझे ऐसी टीम के साथ काम करने का मौका मिला, जिसमें हर किरदार की कहानी में अपनी अलग जगह है। अर्जित, प्रणाली और बाकी कलाकारों के साथ काम करना और अजय भुयान के निर्देशन में शूटिंग करना मेरे लिए यादगार अनुभव रहा।''

पुलकित ने बताया, ''आदि और अनुज के रिश्ते में कई परतें हैं। दोनों के बीच के इस रिश्ते को समझना और किरदार की अलग-अलग खूबियों को पर्दे पर उतारना दिलचस्प रहा। सेट पर पूरी टीम के साथ काम करने का माहौल भी शानदार था।''

सीरीज में ब्यूटी का किरदार प्रणाली राठौड़ निभा रही हैं। अपने किरदार के बारे में उन्होंने बताया, ''ब्यूटी दो भाइयों के बीच उलझे हुए रिश्ते का हिस्सा है, जहां प्यार, वफादारी और सच के बीच लगातार टकराव होता है। मुझे उसके सफर की सबसे दिलचस्प बात यह लगी कि वह सिर्फ अपने रिश्तों को संभालने की कोशिश नहीं कर रही, बल्कि अपनी भावनाओं और दूसरों के फैसलों के नतीजों से भी जूझ रही है।''

प्रणाली ने बताया कि कहानी आगे बढ़ने के साथ उनके किरदार के कई पहलू सामने आते हैं। इस सीरीज के जरिए उन्हें एक नई तरह की भूमिका निभाने का मौका मिला है। यह उनकी पहली लीड स्ट्रीमिंग सीरीज है और वह दर्शकों को अपना यह नया अंदाज दिखाने के लिए उत्साहित हैं।

अजय भुयान के निर्देशन में बनी इस सीरीज को टेंपल बेल्स फिल्म्स के बैनर तले प्रत्युषा जयप्रकाश और उज्ज्वल आनंद ने प्रोड्यूस किया है।

प्राइम वीडियो इंडिया में एवीओडी कंटेंट के डायरेक्टर और हेड अमोघ दुसाद ने बताया कि 'किसका कसूर' परिवार के रिश्तों की उलझनों को दिखाती है, जहां उम्मीदें, वफादारी और निजी फैसले कई बार ऐसे नतीजे लेकर आते हैं, जिनकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती। सीरीज में पारिवारिक ड्रामा के साथ अपराध की कहानी का रोमांच भी देखने को मिलेगा। 'किसका कसूर' का प्रीमियर 2 दिसंबर को होगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story