आवारा कुत्तों के आतंक पर सदन एकजुट, सुरक्षित शहर के लिए नगरसेवकों ने लगाई गुहार, महापौर ने तत्काल उपाय के दिए निर्देश

आवारा कुत्तों के आतंक पर सदन एकजुट, सुरक्षित शहर के लिए नगरसेवकों ने लगाई गुहार, महापौर ने तत्काल उपाय के दिए निर्देश
  • शहर में 1.50 लाख आवारा कुत्तों के अनुमान पर सवाल
  • जनवरी से अक्टूबर तक 9,572 लोग हुए कुत्तों के हमले का शिकार
  • अगली आमसभा में 12 माह की कार्ययोजना पेश करेगा प्रशासन

डिजिटल डेस्क, नागपुर. महानगरपालिका की आमसभा में शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, कुत्तों के काटने की घटनाओं और नसबंदी अभियान छह महीने तक बंद रहने का मुद्दा गरमाया। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष एकजुट नजर आए। नगरसेवकों ने प्रशासन को घेरते हुए कहा कि आवारा कुत्तों के बीच रहना अब मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो रहा है। जनता लगातार सवाल पूछ रही है, लेकिन प्रशासन के पास ठोस जवाब नहीं है।

आमसभा में यह मुद्दा उठाते हुए धरमपेठ जोन की सभापति धनश्री देशपांडे ने कहा कि आवारा कुत्तों के आतंक से नागरिक भयभीत हैं। उनके समर्थन में कांग्रेस नगरसेवक विवेक निकोसे ने 15 माह के बच्चे और कड़बी चौक में 75 वर्षीय कलाबाई जाधव पर हुए हमले का हवाला दिया। उन्होंने शहर में 1.50 लाख आवारा कुत्ते होने के प्रशासन के अनुमान पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि लापरवाही के कारण इनकी संख्या 5 लाख से अधिक हो गई है।

निकोसे ने मांग की कि आवारा कुत्तों के हमले में घायल होने वाले नागरिकों को मनपा प्रशासन की ओर से 10 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर नीता ठाकरे ने तत्काल ठोस उपाययोजना करने के निर्देश दिए। इस पर आयुक्त डॉ. विपिन ने आश्वासन दिया कि अगली आमसभा में आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए 12 माह की व्यापक कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी।

अधिकारियों पर गुमराह करने का आरोप

विवेक निकोसे ने कुत्तों के काटने की घटनाओं को लेकर प्रशासन पर गुमराह करने वाली जानकारी देने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने पिछले 5 वर्षों में कुत्तों के काटने के 50,802 मामले बताए हैं, जबकि दस्तावेजों के अनुसार यह संख्या 53,172 है। इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर के बीच ही शहर में 9,572 नागरिक कुत्तों के काटने का शिकार हुए हैं।

विवेक निकोसे के अलावा भाजपा की वर्षा चौधरी, शिवानी दानी, दिव्या धुर्डे, बंटी कुकड़े, प्रदीप पोहाणे और कांग्रेस की कुमुदिनी गुड़धे ने भी पालतू और आवारा कुत्तों से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन की अनदेखी का आरोप लगाया। सभी नगरसेवकों ने महापौर से शहर को आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्त कर सुरक्षित बनाने की मांग की।

आवारा कुत्तों का सर्वेक्षण संभव नहीं

नगरसेवकों के सवालों के जवाब में मनपा उपायुक्त राजेश भगत और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले ने बताया कि वर्ष 2016 में आवारा कुत्तों का सर्वेक्षण करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, कुत्तों के एक इलाके से दूसरे इलाके में घूमते रहने के कारण उनकी सटीक संख्या का सर्वेक्षण संभव नहीं हो पाया।

अधिकारियों ने बताया कि मनपा के साथ अनुबंध समाप्त होने के कारण शहर के 3 एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) केंद्र अप्रैल से अक्टूबर तक बंद रहे। अब नसबंदी का काम फिर से शुरू कर दिया गया है। आवारा कुत्तों की नसबंदी और बंध्याकरण के लिए एबीसी केंद्रों की संख्या भी 3 से बढ़ाकर 5 कर दी गई है।

ब्लैक स्पॉट कम करने पर हो पहल : केतन ठाकरे

कांग्रेस नगरसेवक केतन ठाकरे ने शहर में कचरा जमा होने वाले स्थानों (गार्बेज ब्लैक स्पॉट) और घर-घर कचरा संकलन व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का दावा है कि शहर में 446 में से 225 ब्लैक स्पॉट समाप्त कर दिए गए हैं। इसके बावजूद दोनों कचरा कंपनियों की ओर से कचरा उठाने में लापरवाही बरती जा रही है। वाहनों और कर्मचारियों की कमी के साथ ही मनपा की निगरानी व्यवस्था भी कमजोर है।


Created On :  

Tags

Next Story