नागपुर मनपा: आमसभा में हंगामें के बीच ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित, शांतिनगर पुलिस स्टेशन को जगह देने पर जोरदार नारेबाजी

आमसभा में हंगामें के बीच ध्वनिमत से प्रस्ताव पारित, शांतिनगर पुलिस स्टेशन को जगह देने पर जोरदार नारेबाजी
  • विपक्ष का आरोप शिक्षा विरोधी सत्ता पक्ष
  • सहायक आयुक्तों की पदोन्नति पर सत्ता पक्ष नेता और जोन सभापति में भिड़ंत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। करीब दो माह बाद आयोजित शुक्रवार को महानगरपालिका की आमसभा जोरदार हंगामे के बीच समाप्त हो गई। आमसभा के रद्द होने से पहले प्रश्नकाल के दौरान शांतिनगर पुलिस स्टेशन को 1 रुपए लीज पर जगह देने के मामले को लेकर सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर और विपक्षी कांग्रेस नगरसेवक अभिजीत झा और विवेक निकोसे के बीच जोरदार बहस हुई। विपक्ष के नगरसेवकों का आरोप है कि शांति नगर पुलिस स्टेशन के मामले में स्कूल बंद कर कौड़ी के दाम पर जमीन को हस्तांतरण किया जा रहा है। मनपा प्रशासन से स्कूल को दोबारा से नई सुविधा के साथ आरंभ करने का प्रयास करने की जगह इमारतों को ही हस्तांतरण कर शिक्षा के दरवाजे बंद कर दिए जा रहे है। वहीं सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर का तर्क था कि पिछले 10 सालों से पुलिस स्टेशन का मनपा स्कूल की इमारत में ही संचालन हो रहा है। ऐसे में परिसर में सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए इमारत को पुलिस स्टेशन को लीज पर दिया जा रहा है। विपक्ष से जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास हो रहा है, जबकि मनपा स्कूल कई साल पहले ही बंद हो चुकी है। जोरदार हंगामें के बीच सत्ता पक्ष से इमारत को शांतिनगर पुलिस स्टेशन को देने के साथ ही अन्य 19 प्रस्तावों को सुझावों के साथ मंजूर कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर नारेबाजी और शोरशराबे के बीच में महापौर नीता ठाकरे ने शांतिनगर पुलिस स्टेशन को जगह देने समेत अन्य प्रस्ताव को मंजूर कर सभा को स्थगित कर दिया।

क्या है मामला

शहर के शांतिनगर पुलिस स्टेशन के लिए मनपा की स्कूल की जगह को साल 2018 से बगैर किराये के इस्तेमाल किया जा रहा है। मनपा की उर्दू स्कूल, व्यायामशाला और क्वालिटी रूम की जगह को इस्तेमाल के लिए अनुबंध के तहत पुलिस विभाग को प्रतिमाह करीब 1 लाख रुपए का किराया का भुगतान करना था। पहली मर्तबा 11 माह के लिए किराये पर 9 मार्च 2016 को जगह देने को मंजूरी मनपा प्रशासन ने दी थी। इसके बाद शांतिनगर पुलिस स्टेशन को पर्यायी जगह खोजकर स्कूल परिसर को खाली करना था, लेकिन पुलिस विभाग से 11 माह की समयावधि मांगने के चलते दोबारा से 9 फरवरी 2018 तक दोबारा से 11 माह के लिए 1 लाख रुपए किराये पर दी गई थी, लेकिन इसके बाद से पुलिस विभाग ने जगह को खाली नहीं किया, इतना ही नहीं प्रतिमाह के किराये की रकम का भी भुगतान नहीं किया है। ऐसे में अब पुलिस विभाग पर करीब 2 कराेड़ 47 लाख रुपए की राशि प्रलंबित हो गई है। अब पुलिस विभाग से मनपा प्रशासन को प्रतिवर्ग फीट जगह को1 रुपए प्रतिवर्ष की लीज पर देने की मांग की गई है। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए 27 नवंबर को आमसभा में रखा जाएंगा।

जोरदार हंगामे में प्रस्ताव पारित

शुक्रवार को आमसभा में संपत्ति कर की पुरानी दर को मान्य रखने का प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया है। इसके अलावा शिक्षा विभाग में 292 अस्थायी शिक्षक और बालवाड़ी दीदी की नियुक्ति का भी प्रस्ताव मंजूर हो गया, हालांकि इस प्रस्ताव में केवल 7 माह के लिए ही अस्थायी नियुक्ति को मंजूर किया गया है। इसके साथ ही शहर में मॉडेल मिल, अत्रे ले आऊट में ग्रंथालय की पुरानी इमारत आर प्रभाग 22 में कोंडवाड़ की पुरानी जर्जर इमारतों को ढहाने, पवित्र पोर्टल के माध्यम से शिक्षक भर्ती के प्रस्ताव को मंजूरी, मनपा के मालिकाना अधिकार की संपत्तियों के मुद्रीकरण की नीति बनाने, अस्थायी स्त्री रोग विशेषज्ञ को नियमित सेवा में लेने और तीन सेवानिवृत्त चिकित्सकों के अस्थायी सेवा के काल को नियमित सेवा में लेकर पुराने लाभ देने के प्रस्ताव को भी मंजूर किया गया है। मनपा स्क्ूलोें में सेमी अंग्रेजी पाठयक्रम को आरंभ करने, आकांक्षा फाऊंडेशन से स्कूलों के संचालन के एमओयू को बढ़ाने, वाठोड़ा में मनपा की जगह पर क्रीड़ संकुल बनाने और एक भूखंड को लीज पर देकर नागरी सुविधा केन्द्र तैयार करने के प्रस्ताव को भी मंजूर किया गया है। आमसभा में आरेंज स्ट्रीट के भूखंड क्रमांक 2 में 9139.75 वर्गमीटर क्षेत्र में सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए खुली जगह, नाना-नानी पार्क, बच्चों का टोडलर पार्क, भूमिगत पार्किग और फूड पार्क समेत अन्य इस्तेमाल को भी मंजूरी दी गई।

सहायक आयुक्तों की पदोन्नति पर सत्ता पक्ष नेता और जोन सभापति में भिड़ंत

24 अगस्त को विभागीय पदोन्नति समिति से विजय थुल, टी खंडाते, नरेन्द्र बावनकर, श्याम कापसे, संजय कांबले, धनंजय जाधव और राजेश मेश्राम की पदोन्नति को मंजूरी दी गई है। इन नामों के प्रस्ताव को राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजने से पहले मनपा की आमसभा में शुक्रवार को रखा गया। इस दौरान नेहरूनगर जोन की सभापति सीमा ढोमणे से प्रस्ताव को रोकने की मांग की गई, इतना ही नहीं जोन के सहायक आयुक्त रह चुके विकास रायबोले की पदोन्नति का विरोध किया। इस दौरान सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोेरकर से सीमा ढोमणे को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन सीमा ढोमणे लगातार विरोध जताती रही। आखिरकार पदोन्नति सूची में विकास रायबोले का नाम नहीं होने की जानकारी देने पर सीमा ढोमणे ने माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत होने पर प्रस्ताव को मंजूर किया गया।

नासुप्र को 4 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव नामंजूर

आमसभा में नगररचना विभाग से कलमना में 4 एकड़ आरक्षित जमीन को नासुप्र को हस्तांतरण का प्रस्ताव भी रखा गया, लेकिन इस प्रस्ताव को नामंजूर कर दिया गया। इस जगह पर मनपा के उद्यान विभाग से गार्डन को विकसित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है, जबकि नासु्प्र प्रशासन से जगह को पंपिग स्टेशन के लिए मांगा गया था।

Created On :  

Tags

Next Story