हार्ड लैंडिंग: पहली उड़ान के बाद 62 दिन का ब्रेक, दिल्ली में थमे थे इंडिगों की एयरबस ए-321 पहुंची नागपुर

पहली उड़ान के बाद 62 दिन का ब्रेक, दिल्ली में थमे थे इंडिगों की एयरबस ए-321 पहुंची नागपुर
  • रोजाना आसमान में उड़ान भरनी थी
  • लगातार 62 दिनों तक जमीन पर खड़ा रहा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. जिस विमान को रोजाना आसमान में उड़ान भरनी थी, वह लगातार 62 दिनों तक जमीन पर खड़ा रहा। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद दोबारा उड़ान भरकर नागपुर पहुंचा। बात इंडिगो के एयरबस ए-321 विमान की है। कुछ महीने पहले ही एयरलाइन के बेड़े में शामिल हुए इस विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर हार्ड लैंडिंग हुई थी। इसमें विमान के लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गए थे। विमान के दोनों मुख्य लैंडिंग गियर बदलने पड़े। मरम्मत, जांच और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार सुबह 4:55 बजे विमान ने दिल्ली से नागपुर (फ्लाइट संख्या 6ई 2024) के लिए उड़ान भरी। वापसी यात्रा में विमान (6ई 5033) सुबह 7:35 को उड़ान भर कर 8:53 बजे दिल्ली पंहुचा।

फिर शुरू हुआ सफर

वीटी-एनओसी रजिस्ट्रेशन वाला एयरबस ए-321-251 एनएक्स विमान इसी साल सितंबर में फ्रांस के टूलूज़ से जेद्दा होते हुए दिल्ली लाया गया था। 24 सितंबर को तिरुवनंतपुरम से दिल्ली पहुंचने के दौरान विमान की हार्ड लैंडिंग हुई थी। इसके बाद विमान को परिचालन से हटाकर दिल्ली एयरपोर्ट के हैंगर में रखा गया। यहां करीब दो महीने तक विमान की मरम्मत और तकनीकी जांच की प्रक्रिया चली। एयरलाइन का एक विमान सामान्य तौर पर रोजाना करीब पांच उड़ानें संचालित करता है। इस हिसाब से 62 दिनों में यह विमान करीब 310 उड़ानें भर सकता था। अब मरम्मत और तमाम तकनीकी जांच के बाद दिल्ली-नागपुर मार्ग से विमान का सफर फिर शुरू हुआ है।

आखिर क्या होती है हार्ड लैंडिंग?

जब विमान उतरते समय सामान्य से अधिक जोर के साथ रनवे से टकराता है, तो इसे हार्ड लैंडिंग कहते हैं। इससे विमान के पहियों, लैंडिंग गियर और ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में विमान की विस्तृत तकनीकी जांच जरूरी होती है। इंडिगो ने भी विमान का परिचालन अस्थायी रूप से बंद किए जाने की पुष्टि की है। एयरलाइन के मुताबिक आवश्यक मरम्मत, तकनीकी जांच और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया गया है।

Created On :  

Tags

Next Story