अनियमितता का मुद्दा: सत्ता और विपक्ष फिर एकजुट, दुर्बल घटक समिति के प्रस्तावों पर लगी रोक, 39 करोड़ के कामों के पत्र जारी होने से मचा बवाल

सत्ता और विपक्ष फिर एकजुट, दुर्बल घटक समिति के प्रस्तावों पर लगी रोक, 39 करोड़ के कामों के पत्र जारी होने से मचा बवाल
  • फंड आवंटन में भेदभाव और अनियमितता का आरोप, सभापति के प्रस्ताव निरस्त करने की मांग
  • महापौर नीता ठाकरे ने प्रशासन को दिए जांच के आदेश, रिपोर्ट आने तक सभी पत्र और प्रस्ताव अस्थायी रूप से रद्द
  • करीब 25 करोड़ की निधि के मुकाबले 39 करोड़ के कामों के पत्र जारी होने से मचा बवाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महानगरपालिका की आम सभा की शुरुआत में ही दुर्बल घटक समिति के फंड आवंटन में कथित भेदभाव और अनियमितता का मुद्दा गरमा गया। विपक्ष के नेता संजय महाकालकर ने समिति की सभापति लक्ष्मी हत्तीठेले पर निधि आवंटन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सभी प्रस्ताव तत्काल रद्द करने और सभी नगरसेवकों को समान रूप से निधि वितरित करने की मांग की।

महाकालकर का आरोप था कि कई मामलों में नगरसेवकों को निधि आवंटन के लिए पत्र देने के बजाय सीधे ठेकेदारों को पत्र जारी किए गए। इससे महानगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अनियमितताओं से पूरे शहर के सामने प्रशासन की छवि खराब हुई है।

विपक्ष की इस मांग का सत्ता पक्ष के नेता बाल्या उर्फ नरेंद्र बोरकर ने भी पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने भी दुर्बल घटक समिति के सभी पत्र रद्द करने की मांग की। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष एकमत नजर आए।

महापौर का आदेश, होगी जांच

सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की मांग को देखते हुए महापौर नीता ठाकरे ने प्रशासन को पूरे मामले की जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक समिति के सभी पत्र और प्रस्ताव अस्थायी रूप से रद्द रहेंगे। जांच के बाद सभी नगरसेवकों को समान रूप से निधि वितरित करने का आश्वासन भी दिया।

25 करोड़ की निधि, 39 करोड़ के कामों के पत्र

दरअसल, दुर्बल घटक समिति की सभापति की ओर से करीब 39 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लिए पत्र जारी किए गए हैं, जबकि चालू वर्ष में समिति के पास केवल 25 करोड़ रुपए की निधि उपलब्ध है। इनमें से करीब 60 लाख रुपए के कार्यों के कार्यादेश भी जारी हो चुके हैं। करीब 15 करोड़ रुपए के अंतर को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।

मामला सामने आने के बाद समिति की सभापति लक्ष्मी हत्तीठेले ने अतिरिक्त आयुक्त से अपने सभी पत्र निरस्त करने की मांग भी की थी। उनका दावा है कि वर्ष 2026-27 के लिए स्लम विभाग से पदनिहाय देनदारी की जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई। इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के नगरसेवक भी आक्रामक रुख अपनाए हुए थे।

Created On :  

Tags

Next Story