नागपुर मनपा: 40 हजार करोड़ से होगा कायाकल्प, कॉटन मार्केट से अजनी जेल तक 16 प्रकल्पों की पुनर्विकास की योजना

40 हजार करोड़ से होगा कायाकल्प, कॉटन मार्केट से अजनी जेल तक 16 प्रकल्पों की पुनर्विकास की योजना
  • सरकारी जमीन पर निजी भागीदारी
  • जुड़ेंगे मुंबई-पुणे के डेवलपर्स
  • कॉटन मार्केट से अजनी जेल तक 16 प्रकल्पों की पुनर्विकास की योजना

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शहर के दशकों पुराने बाजारों, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों की तस्वीर बदलने के लिए अब प्रशासन निजी निवेशकों का सहारा लेने की तैयारी में है। शहर के 16 प्रमुख प्रकल्पों के पुनर्विकास की योजना है। इसमें कॉटन मार्केट, संत्रा मार्केट, मोर भवन, यशवंत स्टेडियम से लेकर अजनी जेल की जमीन तक शामिल है। इन प्रकल्पों में निवेश आकर्षित करने के लिए 30 नवंबर को शहर में पहली बार ‘राइजिंग नागपुर-इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट मीट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। होटल रेडिसन ब्लू में शाम 4 बजे से आयोजित सम्मेलन में निवेशकों के सामने नागपुर के विकास का खाका रखा जाएगा। करीब 40 हजार करोड़ रुपए के अनुमानित निवेश जुटाने का लक्ष्य है। महाराष्ट्र राज्य बुनियादी ढांचा विकास महामंडल (एमएसआईडीसी), मनपा और एनएमआरडीए की ओर से संयुक्त रूप से इसका आयोजन किया जा रहा है।

सरकारी जमीन पर निजी भागीदारी

गुरुवार को मनपा मुख्यालय के स्थायी समिति सभागृह में आयोजित पत्र परिषद में महापौर नीता ठाकरे, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन और एमएसआईडीसी के सीएमडी डॉ. बृजेश दीक्षित ने सम्मेलन की जानकारी दी। महापौर ठाकरे ने कहा कि नागपुर तेजी से विकसित हो रहा है। ऐसे में शहर की सार्वजनिक सुविधाओं को भी समय के अनुरूप विकसित करना जरूरी है। इसके लिए निजी निवेशकों की मदद ली जाएगी। पीपीपी, बीओटी और डीबीएफओटी जैसे मॉडलों के जरिए निजी कंपनियों को विकास कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

जुड़ेंगे मुंबई-पुणे के डेवलपर्स

मनपा आयुक्त ने बताया कि मुंबई और पुणे जैसे शहरों में बड़े प्रकल्प विकसित करने वाले नामी डेवलपर्स को नागपुर लाने का प्रयास किया जाएगा। डॉ. बृजेश दीक्षित ने कहा कि नागपुर में आधुनिक शहरी और व्यावसायिक सुविधाओं के विकास की काफी संभावनाएं हैं। सम्मेलन के जरिए सरकारी एजेंसियों, डेवलपर्स, निवेशकों और वित्तीय संस्थाओं को एक मंच पर लाया जाएगा।

बाजारों की बदलेगी सूरत : शहर के दशकों पुराने आठ प्रमुख बाजारों के पुनर्विकास की योजना भी तैयार की गई है। इन बाजारों को आधुनिक स्वरूप देने के लिए निजी निवेश की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। अजनी में मौजूदा केंद्रीय कारागृह की जमीन पर सेंट्रल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी निवेशकों के सामने रखा जाएगा। इसके अलावा अंबाझरी तालाब परिसर, गणेशपेठ बस स्टैंड, मोर भवन और यशवंत स्टेडियम के विकास की योजना है। काछीपुरा की जमीन का पुनर्विकास, अजनी इंटर मॉडल स्टेशन और ‘नया नागपुर’ जैसी परियोजनाओं को भी सम्मेलन में शामिल किया गया है।


Created On :  

Tags

Next Story