मराठी नाटक: रंगमंच पर रिश्तों- इंसानियत और जिंदगी के अनकहे पहलुओं की प्रस्तुति, तो कहीं छाए सामाजिक और पारिवारिक मुद्दे

रंगमंच पर रिश्तों- इंसानियत और जिंदगी के अनकहे पहलुओं की प्रस्तुति, तो कहीं छाए सामाजिक और पारिवारिक मुद्दे
  • दूसरों के लिए कुछ करने की भावना
  • नाट्य महोत्सव में छाए सामाजिक और पारिवारिक मुद्दे

डिजिटल डेस्क, नागपुर. रंगमंच सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं को करीब से समझने का भी जरिया है। शहर के डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह में जारी 65वीं महाराष्ट्र राज्य हौशी मराठी नाट्य स्पर्धा में अलग-अलग विषयों पर आधारित नाटकों के जरिए जीवन के इन्हीं पहलुओं को मंच पर उतारा जा रहा है। महाराष्ट्र शासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्य संचालनालय, मुंबई की ओर से आयोजित स्पर्धा में ‘चेकमेट’ और ‘मुखवटे’ के बाद गुरुवार को ‘नॉट नॉर्मल’ और ‘मनालेली बायको’ का मंचन हुआ। ‘चेकमेट’ ने सत्ता और महत्वाकांक्षा की दौड़ में मानवीय संवेदनाओं की अनदेखी पर सवाल उठाए।

सहज अभिनय का प्रयोग

नटराज क्रीड़ा मंडल की प्रस्तुति ‘नॉट नॉर्मल’ को सौरभ कांबले ने लिखा और हर्ष नागभिडे ने निर्देशित किया। इस नाटक में पारंपरिक नाट्य शैली से अलग रोजमर्रा की सहज भाषा, स्वाभाविक संवाद और किरदारों की वास्तविक भावनाओं को प्राथमिकता दी गई। हर्ष नागभिडे, रूपेश भद्रे और विशाखा साल्वे ने भूमिकाएं निभाईं। प्रकाश व्यवस्था, संगीत और वेशभूषा के जरिए प्रस्तुति को प्रभावी बनाया गया।

दूसरों के लिए कुछ करने की भावना

शील कलासागर की प्रस्तुति ‘मानलेली बायको’ को एड. गौरव खोंड ने लिखा और प्रतीक सतपुते ने निर्देशित किया। नाटक में प्रेम, साथ, इंसानियत और जीवन के अंतिम पड़ाव पर भी दूसरों के लिए कुछ करने की भावना को प्रस्तुत किया गया। नमिता राऊत, प्रतीक सतपुते, योगेश राऊत, अश्विनी नगराले, वेदांती किरपाणे ने अभिनय किया।

नाट्य महोत्सव : छाए सामाजिक और पारिवारिक मुद्दे

उधर कला सागर की ओर से विदर्भ हिंदी साहित्य सम्मेलन के सहयोग से आयोजित 21वें एकांकी बहुभाषी नाट्य महोत्सव के तीसरे दिन तीन मराठी और एक सिंधी एकांकी का मंचन किया गया। मोर हिंदी भवन स्थित स्व. रामगोपाल माहेश्वरी सांस्कृतिक सभागृह में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक विषयों को नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा गया। विश्वोदय बहुउद्देशीय जनकल्याण संस्था की ओर से लक्ष्मीकांत वांदे लिखित और रूपाली वांदे निर्देशित ‘आई भाड्याने देणे आहे!’ प्रस्तुत किया गया। वहीं, वत्सल क्रिएशन सांस्कृतिक मंडल ने श्याम आस्करकर लिखित एवं निर्देशित ‘द लास्ट वर्किंग डे’ और रियल क्रिएटिव आई फाउंडेशन ने रवींद्र नारायण गूजर लिखित एवं निर्देशित ‘बंधिनी’ का मंचन किया।

सिंधी नाटक ने किया प्रभावित

सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया, लेडीज चैप्टर खामला की ओर से किशोर लालवानी निर्देशित सिंधी एकांकी ‘हसियुं मायूं बिमार पुळण’ प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर पूर्व नगरसेविका मधु घाटे, कला सागर के अध्यक्ष रविशेखर गिल्लूरकर, सुशील तिवारी, उपाध्यक्ष रवींद्र बिजवे, कोषाध्यक्ष डॉ. रमेश बारस्कर, सहसचिव रूपाली वंजारी और सविता पांडे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Created On :  

Tags

Next Story