हैदराबाद में युवा सम्मेलन से पहले तेलंगाना पुलिस ने बीआरएस नेताओं को किया नजरबंद
हैदराबाद, 18 जुलाई (आईएएनएस)। हैदराबाद में युवा रैली से पहले तेलंगाना पुलिस ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की डिप्टी फ्लोर लीडर सबिता इंद्रा रेड्डी और पार्टी नेता आरएस प्रवीण कुमार को नजरबंद किया है। बीआरएस नेताओं ने इस कथित कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और इसे असंवैधानिक बताया।
बीआरएस नेता आरएस प्रवीण कुमार ने एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में कहा, "पुलिस ने उन्हें 'युवा संग्राम सदस्सु' में शामिल होने से रोकने के लिए नजरबंद किया है।"
लिस की इस कार्रवाई की निंदा करते हुए, दोनों नेताओं ने सवाल उठाया कि तेलंगाना हाईकोर्ट से जनसभा की मंजूरी मिलने के बावजूद उन्हें कैसे नजरबंद किया जा सकता है। उन्होंने इस कदम को मनमाना, अलोकतांत्रिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।
बीआरएस ने शनिवार को सरूरनगर स्टेडियम में अपनी 'युवा संग्राम सभा' बुलाई है। इसमें लगभग 10,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
शुक्रवार को तेलंगाना हाईकोर्ट ने बीआरएस को जनसभा करने की सशर्त मंजूरी दी थी। कार्यक्रम की अनुमति देते हुए कोर्ट ने आयोजकों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मंजूरी कुछ शर्तों के अधीन है। बीआरएस को निर्देश दिया गया कि वह बिना सड़क जाम किए शांतिपूर्ण ढंग से सभा करे और वक्ताओं से कहा गया है कि वे भड़काऊ भाषण न दें।
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने इस आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की कन्वेंशन में बाधा डालने और बेरोजगार युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश नाकाम हो गई है। उन्होंने कहा कि जहां राज्य सरकार ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया था, वहीं हाईकोर्ट ने लोकतांत्रिक अधिकारों को बरकरार रखा।
बीआरएस ने सरूरनगर स्टेडियम को इसलिए चुना, क्योंकि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले यहीं पार्टी का युवा घोषणापत्र जारी किया था। बीआरएस ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने युवा घोषणापत्र के तहत युवाओं और बेरोजगार लोगों से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। केटीआर ने कहा कि छात्र और बेरोजगार युवा चुनाव से पहले किए गए वादों को लागू करने में सरकार की विफलता पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 12:29 PM IST












