ग्राहक ऑनलाइन बुक करें एलपीजी सिलेंडर, देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं केंद्र

ग्राहक ऑनलाइन बुक करें एलपीजी सिलेंडर, देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं  केंद्र
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने रविवार को कहा कि भारत पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर बना हुआ है और देश की सभी रिफाइनरी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और किसी प्रकार के ईंधन आयात की आवश्यकता नहीं है।

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने रविवार को कहा कि भारत पेट्रोल और डीजल के उत्पादन में आत्मनिर्भर बना हुआ है और देश की सभी रिफाइनरी घरेलू मांग को पूरा करने के लिए उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और किसी प्रकार के ईंधन आयात की आवश्यकता नहीं है।

साथ ही, मंत्रालय ने कहा कि देश में कच्चे तेल की पर्याप्त इंवेंट्री को बनाए रखा जा रहा है। पेट्रोल और डीजल की नियमित रूप से आपूर्ति के चलते इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी तेल विपणन कंपनियों के रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।

मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे घबराकर खरीदारी न करें, क्योंकि देश भर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।

बयान में आगे कहा गया कि सरकार घरेलू और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों जैसे अस्पतालों और शैक्षिक संस्थानों में एलपीजी की आपूर्ति को बनाए रखने को वरीयता दे रही है।

मंत्रालय के कहा, नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि सरकार घरों और आवश्यक क्षेत्रों के लिए पर्याप्त एलपीजी उपलब्धता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। एलपीजी सिलेंडर कई डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं, जिनमें आईवीआरएस कॉल, एसएमएस बुकिंग, व्हाट्सएप बुकिंग और ओएमसी के मोबाइल एप्लिकेशन शामिल हैं।

ओएमसी भी डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा दे रही हैं, घबराहट में बुकिंग करने से मना कर रही हैं और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए रविवार को भी एलपीजी वितरकों के कार्यालय खुले रख रही हैं।

मंत्रालय ने कहा कि उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे घबराहट में बुकिंग न करें, डिजिटल बुकिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग करें और एलपीजी वितरकों के पास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।

मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एलपीजी आपूर्ति की निगरानी जारी है। एलपीजी बुकिंग में गिरावट देखी गई है, शुक्रवार को 88.8 लाख बुकिंग के मुकाबले शनिवार को लगभग 77 लाख बुकिंग दर्ज की गईं। ऑनलाइन एलपीजी सिलेंडर बुकिंग 84 प्रतिशत से बढ़कर लगभग 87 प्रतिशत हो गई है।

बयान में कहा गया है कि प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को सुरक्षित गैस आपूर्ति जारी है, जिसमें पीएनजी और सीएनजी की 100 प्रतिशत आपूर्ति शामिल है, जबकि औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति लगभग 80 प्रतिशत पर नियंत्रित की जा रही है।

मंत्रालय ने कहा कि प्रमुख शहरों और शहरी क्षेत्रों में वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन का विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है और वे ईमेल, पत्र या सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनियों के ग्राहक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

रिफाइनरियों से घरेलू एलपीजी उत्पादन को अधिकतम कर दिया गया है और उपभोक्ताओं से ऑनलाइन रिफिल बुक करने का आग्रह किया गया है। समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल को 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक सीमित कर दिया गया है।

वैकल्पिक ईंधन की जरूरतों को पूरा करने के लिए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 48,000 किलोलीटर केरोसिन का अतिरिक्त आवंटन किया गया है।

एलपीजी आपूर्ति पर दबाव कम करने के लिए आतिथ्य और रेस्तरां सहित कुछ क्षेत्रों में केरोसिन और कोयले जैसे वैकल्पिक ईंधनों को एक्टिव कर दिया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 5:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story