देवघर में 16 मार्च से शुरू होगा तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव’, केकेएन स्टेडियम में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

देवघर में 16 मार्च से शुरू होगा तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव’, केकेएन स्टेडियम में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
झारखंड के देवघर में 16 मार्च से तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह सांस्कृतिक महोत्सव 16 से 18 मार्च तक केकेएन स्टेडियम में होगा, जहां स्थानीय, राज्यस्तरीय और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों से हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल सजेगी।

देवघर, 15 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के देवघर में 16 मार्च से तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह सांस्कृतिक महोत्सव 16 से 18 मार्च तक केकेएन स्टेडियम में होगा, जहां स्थानीय, राज्यस्तरीय और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों से हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की महफिल सजेगी।

देवघर के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 16 मार्च को अपराह्न चार बजे किया जाएगा। इसके बाद तीनों दिन शाम के समय विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन के अनुसार, महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और पारंपरिक लोक कला व संस्कृति को बढ़ावा देना है। आयोजन में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राज्यस्तरीय कलाकारों और फिल्म जगत से जुड़े गायकों की भी प्रस्तुति होगी।

महोत्सव के पहले दिन (16 मार्च) उद्घाटन के बाद शाम साढ़े चार बजे से पाईका नृत्य की प्रस्तुति होगी। इसके बाद धनंजय नारायण खवाड़े ग्रुप, संजीव परिहस्त ग्रुप और हर्षप्रीत कौर एंड ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम के अंत में अजित और मनोज द्वारा भक्तिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

दूसरे दिन (17 मार्च) का कार्यक्रम शास्त्रीय संगीत और गायन पर केंद्रित रहेगा। इस दिन जितेंद्र मंडल ग्रुप, शिवांगी की क्लासिकल सोलो प्रस्तुति, रेणु खवाड़े और स्वराभ्युदय संगीत गुरुकुल की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘इंडियन आइडल’ फेम पूजा चटर्जी का गायन रहेगा।

महोत्सव के अंतिम दिन (18 मार्च) संभव कला जत्था द्वारा झूमर नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद मानसी तिवारी और स्निग्धा यादव की प्रस्तुतियों में लोक कला की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का समापन बॉलीवुड गायिका मधुबंती बागची के गीतों के साथ होगा।

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक विधाओं के संरक्षण तथा प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने जिले के लोगों से इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 March 2026 6:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story