आईएएनएस-मैटराइज ओपिनियन पोल असम में भाजपा को फिर से सत्ता, कांग्रेस को 'करारा झटका' तय
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को असम समेत चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी। असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। जबकि, चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव की घोषणा होने के साथ ही पांचों राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
असम विधानसभा चुनाव की तारीख के साथ ही आईएएनएस-मैटराइज का ओपिनियन पोल सामने आया है। इस ओपिनियन पोल में राज्य की जनता से जानने की कोशिश की गई है कि आखिर प्रदेश की सत्ता की चाबी किसके हाथ लगेगी?
आईएएनएस-मैटराइज के ओपिनियन पोल के मुताबिक, असम में एक बार फिर से कमल खिलने का अनुमान लगाया गया है, जबकि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस पर प्रदेश की जनता ने भरोसा नहीं जताया है। इस पोल के मुताबिक, असम में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज हो सकती है।
ओपिनियन पोल के अनुसार, असम की 126 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को 96-98 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं, कांग्रेस गठबंधन को 26 से 28 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा अन्य के खाते में 2 से 8 सीटें आ सकती हैं।
वोट शेयर पर नजर डालें तो, आईएएनएस-मैटराइज के ओपिनियन पोल के अनुसार, एनडीए को 43 से 44 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस गठबंधन को 39-40 प्रतिशत और अन्य को 18-20 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया गया है।
15वीं असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जिससे पहले चुनाव संपन्न कराना अनिवार्य है। असम में कुल 2.5 करोड़ वोट है। इनमें 1.25 करोड़ पुरुष और 1.25 करोड़ महिला मतदाता हैं। वहीं, थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 343 है। अगर फर्स्ट-टाइम वोटर्स (18-19 साल) की बात करें तो उनकी संख्या 5.75 लाख है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 March 2026 7:37 PM IST












