दिल्ली के कॉलेजों में युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए दो दिवसीय विशेष कैंप शुरू
नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत मंगलवार को राजधानी के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में दो दिवसीय विशेष कैंप शुरू किया। इस अभियान का उद्देश्य 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करना है।
इन विशेष कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहे। अधिकारियों ने युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही उन्हें फॉर्म-6 उपलब्ध कराया और आवेदन भरने में सहायता की।
वे युवा, जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या करने वाले हैं और जिनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, इन कैंपों के दौरान आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। यह विशेष अभियान बुधवार को भी जारी रहेगा।
दिल्ली सीईओ कार्यालय ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग जिलों में आयोजित इन कैंपों की तस्वीरें भी साझा कीं। कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिले के श्याम लाल कॉलेज में एसआईआर 2026 के तहत युवा मतदाताओं के लिए विशेष कैंप आयोजित किया गया।
एक अन्य पोस्ट में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र-65, सीलमपुर में डॉ. अखिलेश दास गुप्ता इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज में भी युवा मतदाताओं के लिए विशेष कैंप लगाया गया।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज में युवा मतदाताओं के नामांकन के लिए विशेष कैंप आयोजित किया गया। वहीं, ओल्ड राजिंदर नगर स्थित जानकी देवी मेमोरियल कॉलेज, विधानसभा क्षेत्र-39 में भी एसआईआर 2026 के तहत युवा मतदाताओं के नामांकन के लिए विशेष कैंप लगाया गया।
दिल्ली निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि नागरिक 30 अक्टूबर तक अन्य दावे और आपत्तियां भी निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से दाखिल कर सकते हैं।
फॉर्म-6 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए है। फॉर्म-6ए विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है। फॉर्म-7 मतदाता सूची में किसी नाम को शामिल किए जाने या हटाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए है, जबकि फॉर्म-8 का इस्तेमाल पता बदलने, मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में सुधार, ईपीआईसी कार्ड बदलने या दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टि के लिए किया जाता है।
आवेदन ऑफलाइन भी जमा किए जा सकते हैं। इसके लिए नागरिक अपने आवेदन संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) या निर्धारित मतदान केंद्रों पर जमा कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।
इसके अलावा मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल और ईसीआईनेट मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
निर्वाचन आयोग ने दोहराया कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सहभागी और समावेशी तरीके से संचालित करने के लिए वह प्रतिबद्ध है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Sept 2026 7:14 PM IST












