वैश्विक संकट के बीच हेली शाह की सलाह, बचत और सही निवेश से ही मिलेगी आर्थिक सुरक्षा
मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। हाल ही में रिलीज हुए ओटीटी शो ‘गुल्लक’ के पांचवें सीजन में बेहतरीन काम के लिए सुर्खियां बटोर रहीं अभिनेत्री हेली शाह ने वैश्विक टकरावों के बीच पैसे बचाने के महत्व पर अपनी राय साझा की है। इन घटनाओं का असर वैश्विक तेल व्यापार पर भी पड़ा है।
अभिनेत्री ने आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री की अपील के अनुरूप लोगों को सोना न खरीदने की भी सलाह दी।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “‘गुल्लक’ के साथ हमारा रिश्ता बचपन से जुड़ा है। इसका हमारे जीवन में बहुत भावनात्मक महत्व है। पैसे की बचत बहुत जरूरी है, और इसके लिए सही जानकारी होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सही जगहों पर निवेश करना चाहिए, जैसे म्यूचुअल फंड और सोने में निवेश से बचना चाहिए। मेरे पिता ने मुझे पैसे बचाने का महत्व सिखाया है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि मेरे पापा ने मुझे कभी बैठकर यह नहीं सिखाया, बल्कि मैंने उन्हें देखकर ही ये आदतें सीख लीं। कितना पैसा एफडी में लगाना है और कितना म्यूचुअल फंड में, यह सब समझ मैंने खुद विकसित की, इसलिए जरूरी है कि आप अपने खर्च को समझदारी से संभालें और पैसे बचाने में सूझबूझ दिखाएं, क्योंकि यह बहुत महत्वपूर्ण है।”
बातचीत के दौरान अभिनेत्री ने टेलीविजन से ओटीटी में अपने बदलाव और इस सफर को कैसे संभाला, इस पर भी चर्चा की। उनका मानना है कि टेलीविजन से दूसरे माध्यमों में जाने वाले कलाकारों के लिए अक्सर सबसे बड़ी चुनौती लोगों की बनी-बनाई धारणाओं से बाहर निकलना होता है।
टेलीविजन के जरिए मजबूत फैन फॉलोइंग बनाने वाली हेली शाह ने माना कि नए फॉर्मेट में काम करने के बावजूद कई कलाकारों को अब भी “टीवी एक्ट्रेस” के टैग से देखा जाता है। हालांकि, उनका मानना है कि सही मौके और लगातार अच्छे प्रदर्शन से लोगों की सोच धीरे-धीरे बदली जा सकती है।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, “मेरी पहली चुनौती उस कैटेगरी से बाहर निकलना थी और ऐसे क्षेत्र में जाना था जो मेरे लिए आरामदायक नहीं था, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं थी और जहां लोग मुझे नहीं जानते थे। और ओटीटी मेरे लिए वही जगह बनकर सामने आई।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Jun 2026 9:53 PM IST












