हिंदी पखवाड़ा के तहत आयोजित हुआ फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ का 92वां संस्करण
नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत रविवार को नई दिल्ली के आईटीओ स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ के 92वें संस्करण का आयोजन सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साइक्लिंग, फिटनेस और स्वच्छता के जरिए स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना था।
“पेडल फॉर फिटनेस, राइड फॉर ए क्लीनर इंडिया” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साइक्लिंग और फिटनेस प्रेमियों ने हिस्सा लिया। सुलभ इंटरनेशनल के सहयोग से स्वच्छता और सार्वजनिक स्वास्थ्य का संदेश भी प्रमुखता से दिया गया, जबकि हिंदी पखवाड़ा के आयोजन ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक आयाम प्रदान किया।
कार्यक्रम में एंड्यूरेंस एथलीट, अल्ट्रा रनर, साइक्लिस्ट और पर्वतारोही सबीता महतो, फिटनेस मॉडल एवं मिसेज इंडिया 2019 किरण छिल्लर तथा फिट इंडिया एंबेसडर डॉ. प्रेम प्रकाश मीणा समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
सुबह कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के सम्मान से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ लेकर स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इसके बाद साइक्लिंग रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
फिट इंडिया एंबेसडर डॉ. प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 76 वर्ष की उम्र में भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और उन्होंने पूरे देश को फिट बनाने तथा खेल संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान आज अपने 92वें संस्करण तक पहुंच चुका है और युवाओं का उत्साह देश में नई फिटनेस क्रांति का संकेत देता है।
सुबह साढ़े पांच बजे शुरू हुए इस आयोजन में 1,000 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइक्लिंग के साथ-साथ योग, जुम्बा और रस्सी कूद जैसी फिटनेस गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके अलावा स्टेडियम परिसर में 5 किलोमीटर रन और साइक्लिंग राइड भी आयोजित की गई।
आयोजन स्थल पर कैरम और शतरंज जैसे बोर्ड गेम्स के साथ बैडमिंटन, रस्साकशी और ऑब्स्टेकल रेस जैसी खेल गतिविधियों के लिए विशेष गेम जोन भी बनाया गया, जहां प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
सबीता महतो ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि सिर्फ रविवार ही नहीं, बल्कि हर दिन कम से कम आधा घंटा फिटनेस के लिए देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार 21 दिनों तक किसी अच्छी आदत का पालन करने से वह जीवन का हिस्सा बन जाती है, इसलिए नियमित फिटनेस की आदत विकसित करना बेहद जरूरी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Sept 2026 5:52 PM IST












