हैदराबाद में मिलावटखोरी पर शिकंजा, पुलिस ने बनाई विशेष यूनिट एच-फास्ट

हैदराबाद में मिलावटखोरी पर शिकंजा, पुलिस ने बनाई विशेष यूनिट एच-फास्ट
खाद्य मिलावट पर सख्ती बढ़ाते हुए हैदराबाद पुलिस ने एक विशेष निगरानी टीम का गठन किया है। इस यूनिट का नाम ‘हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम’ (एच-फास्ट) रखा गया है, जो खाद्य सुरक्षा और नियामक कार्रवाई को मजबूत करेगी।

हैदराबाद, 19 मार्च (आईएएनएस)। खाद्य मिलावट पर सख्ती बढ़ाते हुए हैदराबाद पुलिस ने एक विशेष निगरानी टीम का गठन किया है। इस यूनिट का नाम ‘हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम’ (एच-फास्ट) रखा गया है, जो खाद्य सुरक्षा और नियामक कार्रवाई को मजबूत करेगी।

इस टीम का गठन पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार के नेतृत्व में किया गया है और यह फूड सेफ्टी अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगी। यूनिट का उद्घाटन डीसीपी (टास्क फोर्स) गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने गुरुवार को किया।

एच-फास्ट में कुल 28 कर्मी शामिल हैं, जिनमें इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और अन्य स्टाफ शामिल हैं। यह टीम असुरक्षित खाद्य पदार्थों से जुड़े मामलों की निगरानी, जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई पर फोकस करेगी।

पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, यह टीम फूड सेफ्टी अधिकारियों के साथ मिलकर छापेमारी करेगी, ताकि मिलावटखोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक टोल-फ्री नंबर 8712661212 भी जारी किया गया है, जिस पर लोग मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा एच-फास्ट के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भी शिकायत दी जा सकती है।

अधिकारियों ने कहा कि खाद्य मिलावट एक गंभीर अपराध है, जो जनस्वास्थ्य के लिए खतरा है। ऐसे मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।

गौरतलब है कि यह यूनिट हाल ही में हुई दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद बनाई गई है। एक मामले में सेकंदराबाद के गंज बाजार इलाके में छह दुकानों पर छापेमारी कर मिलावटी पनीर और डेयरी उत्पाद बेचने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, दूसरे मामले में कुलसुमपुरा पुलिस ने जियागुड़ा में एक अवैध और अस्वच्छ अचार बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़ किया, जहां बिना लाइसेंस के मिलावटी अचार तैयार कर बेचा जा रहा था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 11:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story